प्रत्येक सफाई कर्मचारी का हर तीन माह में स्वास्थ्य परीक्षण हो सभी विधालयों में सफाई कर्मचारी की नियुक्ति हो-राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग सदस्य

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

जयपुर, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य श्रीमती अंजना पंवार ने विभिन्न विभागों को निर्देश दिए है कि वे सफाई कर्मियों से संबंधित सभी समस्याओं का निस्तारण अविलम्ब सुनिश्चित करें। श्रीमती पंवार गुरूवार को स्थानीय निकाय विभाग के मीटिंग हॉल मे विभिन्न विभागों के अधिकारियों व सफाई कर्मचारियों से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ सफाई कर्मचारियों से संबंधित मुद्दों पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रही थी।श्रीमती पंवार ने अधिकारियों से कहा कि वे सफाई कर्मचारियों से संबंधित लंबित प्रकरणों में संवेदनशीलता से कार्य करें और उनका निस्तारण प्राथमिकता से करें। सभी विभागों का लक्ष्य स्वच्छकारों की उचित मांगों व मुद्दों का समाधान होना चाहिए ताकि समाज के इस वंचित वर्ग को संबल मिल सके।उन्होंने रोजगार पर जोर देते हुए कहा कि पंचायत से लेकर निकाय स्तर तक सफाई कर्मचारियों की भर्ती समय पर हो। श्रीमती पंवार ने सुझाव दिया कि संविदा पर सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति ना हो। इस विषय पर स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक श्री हृदयेश कुमार शर्मा ने श्रीमती पंवार को अवगत करवाया कि विभाग द्वारा 2018-19 में 21136 सफाई कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी। जिसमें से 20598 को नियुक्ति दी जा चुकी है। शेष 538 को भी शीघ्र नियुक्ति दे दी जाएगी।श्रीमती पंवार ने सुझाव दिया कि प्रदेश के सभी सरकारी विधालयों में सफाई व्यवस्था के लिए नियमित सफाई कर्मचारियों की आवश्यकता है। अतः स्कूल शिक्षा विभाग इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक कर्मचारी का हर तीन माह में स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए, ताकि वे गंभीर बीमारियों से ग्रस्त ना हो। उन्होंने स्वायत्त शासन विभाग व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों को सीवर साफ करने में मारे गए कर्मचारियों के आश्रितों को शीध्र क्षतिपूर्ति जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में कार्मिक विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री हेमंत कुमार गेरा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सचिव डॉ. समित शर्मा, स्वायत्त शासन विभाग के सचिव श्री जोगाराम, स्कूल शिक्षा विभाग के विशिष्ट सचिव श्री उमर दीन खान, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निदेशक श्री ओपी बुनकर, स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक श्री हृदयेश कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare
Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!