प्रदेश में ऑक्सीजन उपलब्धता के लिए हर संभव प्रयास -मुख्य सचिव

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

जयपुर, 4 मई। मुख्य सचिव श्री निरंजन आर्य ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में ऑक्सीजन उपलब्धता के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है। श्री आर्य मंगलवार को यहां शासन सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रभारी अधिकारियों के साथ ऑक्सीजन कॉन्सनट्रेटर, ऑक्सीजन टैंकर्स एवं ऑक्सीजन वितरण की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे।

मुख्य सचिव श्री आर्य ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग, राजस्थान फाउंडेशन एवं जिला कलक्टर्स के प्रयास एवं भामाशाहों के सहयोग से राज्य में ऑक्सीजन की उपलब्धता निरन्तर बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। ऑक्सीजन परिवहन के साथ ही ऑक्सीजन कॉन्सनट्रेटर की डिलीवरी शीघ्र लेने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनकी खरीद के लिए हर स्तर पर तुरंत स्वीकृति जारी की जा रही है। उन्होंने प्रभारी अधिकारियों को शीघ्रता से ऑक्सीजन कॉन्सनट्रेटर की डिलीवरी लेने पर फोकस करने के निर्देश दिए। श्री आर्य ने बताया कि केन्द्र सरकार से भी शीघ्र ही राज्य का ऑक्सीजन कोटा बढ़ने की उम्मीद है। केन्द्रीय गृह सचिव ने जामनगर से अतिरिक्त ऑक्सीजन आवंटन एवं टैंकर्स देने के लिए आश्वस्त किया है।

खान एवं पेट्रोलियम विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुबोध अग्रवाल ने ऑक्सीजन कॉन्सनट्रेटर की खरीद के लिए विभिन्न फमोर्ं को दिए कार्यादेशों एवं डिलीवरी समय की जानकारी दी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री अखिल अरोड़ा ने विभिन्न जिलों एवं अस्पतालों में ऑक्सीजन की आवश्यकता एवं उपलब्धता के संबंध में अवगत कराया।

मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री कुलदीप रांका ने बताया कि राज्य सरकार ऑक्सीजन कॉन्सनट्रेटर की खरीद के लिए तेजी से कार्यादेश जारी कर रही है। साथ ही जामनगर से ट्रेन से ऑक्सीजन परिवहन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। राजस्थान ऊर्जा विकास निगम के प्रबंध निदेशक श्री रोहित गुप्ता ने ऑक्सीजन परिवहन एवं वितरण की जानकारी दी।

बैठक में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधांश पंत, प्रमुख आवासीय आयुक्त श्रीमती रोली सिंह, चिकित्सा शिक्षा विभाग के शासन सचिव श्री वैभव गालरिया वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शामिल हुए।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare
Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!