कौन संभालेगा झुनझुनवाला का 46 हजार करोड़ का एम्पायर:7 अगस्त को 278 करोड़ रुपए से अकासा एयरलाइन लॉन्च की, 32 कंपनियों में निवेश

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

कौन संभालेगा झुनझुनवाला का 46 हजार करोड़ का एम्पायर:7 अगस्त को 278 करोड़ रुपए से अकासा एयरलाइन लॉन्च की, 32 कंपनियों में निवेश

शेयर बाजार के बिग बुल राकेश झुनझुनवाला का आज यानी रविवार को 62 साल की उम्र में निधन हो गया। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल ने सुबह 6 बजकर 45 मिनट पर झुनझुनवाला की मौत की पुष्टि की। 7 अगस्त को वो ‘अकासा एयर’ की लॉन्चिंग के दौरान मुंबई एयरपोर्ट पर व्हील चेयर पर नजर आए थे। इस एयरलाइन में उनकी बड़ी हिस्सेदारी है।

झुनझुनवाला का कई कंपनियों में निवेश है। फोर्ब्स की दुनिया के अमीरों की लिस्ट में उनकी 440वीं रैंक है। उनकी नेटवर्थ 5.8 अरब डॉलर यानी करीब 46 हजार करोड़ रुपए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या झुनझुनवाला के चले जाने से एयरलाइन को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा? आगे उनके एम्पायर को कौन संभालेगा? तो चलिए इन सवालों के जवाब जानते हैं।

सबसे पहले उनका बिजनेस:

इन्वेस्टमेंट
राकेश झुनझुनवाला को भारत के वॉरेन बफे के रूप में जाना जाता है। वो देश के सबसे सफल निवेशकों में से एक हैं। राकेश ने 1985 में 5000 रुपए के साथ निवेश करना शुरू किया। उस समय BSE इंडेक्स 150 पर था। उन्होंने 2003 में पत्नी रेखा के कहने पर अपनी खुद की स्टॉक ट्रेडिंग फर्म रेयर एंटरप्राइजेज की स्थापना की थी। इसके नाम में उन्होंने अपनी और अपनी पत्नी रेखा के नाम के पहले दो अक्षरों पर रखा है।

उन्होंने राकेश से ‘Ra’; रेखा से ‘Re’ को शामिल किया था। राकेश सही निर्णय, संभावित मल्टीबैगर में निवेश और जरूरत के अनुसार पोर्टफोलियो में बदलाव करते रहे जिसने उन्हें शेयर मार्केट का बिग बुल बना दिया। एक्सचेंजों पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार जून क्वार्टर में राकेश झुनझुनवाला के पास 32 कंपनियों शेयर हैं। इन 32 कंपनियों में अनंत राज, टाटा मोटर्स, टाइटन, फेडरल बैंक, नजारा, स्टार हेल्थ जैसी कंपनियां शामिल है।

झुनझुनवाला एक समय में स्टॉक मार्केट में बियर थे यानी मंदड़िए। उन्होंनें 1992 में हर्षद मेहता घोटाले का खुलासा होने पर शॉर्ट सेलिंग के जरिए बड़ा मुनाफा कमाया था। 1990 के दशक में भारतीय स्टॉक मार्केट में कई प्रतिष्ठित कार्टेल थे।

ऐसा ही एक कार्टेल मनु मानेक का था जो बियर कार्टेल था। इस कार्टेल को ब्लैक कोबरा कहते थे और इसे राधाकिशन दमाणी और झुनझुनवाला भी फॉलो करते थे। पत्रकार सुचेता दलाल ने हर्षद मेहता के घोटालों का खुलासा किया था, जिसके बाद मार्केट क्रैश कर गया था।

एयरलाइन बिजनेस
अकासा एयरलाइन में राकेश झुनझुनवाला ने 35 मिलियन डॉलर यानी करीब 278 करोड़ रुपए का निवेश किया है। उनकी इस एयरलाइन में करीब 40% हिस्सेदारी है। वो एयरलाइन के बिजनेस में ऐसे समय में उतरे जब फ्यूल प्राइस काफी हाई है और कई कंपनियां परेशानियों से जूझ रही है।

हालांकि, अकासा एयर के लॉन्चिंग पर उन्‍होंने कहा था, ‘बहुत से लोगों के मन में सवाल है। मैंने एक एयरलाइन क्‍यों शुरू की। उनके सवाल का जवाब देने के बजाय मैं सिर्फ कहूंगा कि मैं फेल होने के लिए तैयार हूं। कोशिश नहीं करने के बजाय प्रयास करने के बाद नाकाम होना बेहतर है।’

मुंबई एयरपोर्ट पर अकासा के लॉन्चिंग की तस्वीर। व्हील चेयर पर राकेश झुनझुनवाला और हाथ में माइक लिए एयरलाइन के CEO विनय दुबे

एप्टेक और हंगामा के चेयरमैन थे
एक एक्टिव इन्वेस्टर होने के अलावा झुनझुनवाला एप्टेक लिमिटेड और हंगामा डिजिटल मीडिया एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन थे। प्राइम फोकस लिमिटेड, जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज, बिलकेयर लिमिटेड, प्राज इंडस्ट्रीज लिमिटेड, प्रोवोग इंडिया लिमिटेड, कॉनकॉर्ड बायोटेक लिमिटेड, इनोवासिंथ टेक्नोलॉजीज (आई) लिमिटेड, मिड डे मल्टीमीडिया लिमिटेड, नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड, वायसराय होटल लिमिटेड और टॉप्स सिक्योरिटी लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में भी शामिल थे।

उनके बिजनेस को कौन संभालेगा?
राकेश झुनझुनवाला अपने पीछे एक बड़ा साम्राज्य छोड़ गए हैं। उनके परिवार में पत्नी रेखा झुनझुनवाला, बेटी निष्ठा झुनझुनवाला, बेटे आर्यमान और आर्यवीर झुनझुनवाला हैं। राकेश झुनझुनवाला की कुल नेटवर्थ करीब 46 हजार करोड़ रुपए है।

अकासा एयर में झुनझुनवाला और उनकी पत्नी की कुल हिस्‍सेदारी 40% से ज्यादा है। स्टार हेल्थ एलाइड इंश्योरेंस में भी वो प्रमोटर है। जून क्वार्टर में इसमें उनकी हिस्सेदारी करीब 17.46% थी। ऐसे में अब उनकी पत्नी पर इस साम्राज्य को संभालने की पूरी जिम्मेदारी आ गई है। वो अपने बच्चों के साथ मिलकर अब इसे संभालेंगी। झुनझुनवाला के चले जाने से उनके एयरलाइन और अन्य बिजनेस को अब बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

13 मंजिला घर बना रहे थे झुनझुनवाला
2013 में, झुनझुनवाला ने स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक से मालाबार हिल में रिजवे अपार्टमेंट की 12 यूनिट में से 6 को 176 करोड़ रुपए में खरीदा था। बाद में 2017 में, उन्होंने HSBC बैंक से 195 करोड़ रुपए में इमारत में अन्य 6 अपार्टमेंट खरीदे। उन्होंने 2021 में पुरानी बिल्डिंग को गिराकर अपने नए 70000 वर्ग फुट में 13 मंजिला घर का निर्माण शुरू किया था।

Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!