NATIONAL NEWS

बीकानेर में ट्रैक्टर-ट्रॉली टेंडर फिर विवादों में, डीएलबी ने आगामी प्रक्रिया पर लगाई रोक

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

ट्रैक्टर-ट्रॉली टेंडर फिर विवादों में, डीएलबी ने आगामी प्रक्रिया पर लगाई रोक

नगर निगम में ट्रैक्टर-ट्रॉली से कचरा परिवहन की निविदा सिरे नहीं चढ़ पा रही है। बार-बार टेंडर होने के बाद भी इस निविदा पर विवाद बना हुआ है। हाल ही में निगम की ओर से जारी निविदा फिर विवाद से घिर गई है।

निविदा में शामिल शर्तों के अव्यवहारिक होने की शिकायत के बाद अब स्वायत्त शासन विभाग ने इस निविदा की आगामी प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। निदेशक एवं विशिष्ट शासन सचिव ह्देश कुमार शर्मा ने आयुक्त नगर निगम बीकानेर को कचरा परिवहन के लिए आमंत्रित निविदाओं में अनियमितता के संदर्भ में लिखे पत्र में कचरा परिवहन के लिए आमंत्रित निविदाओं की आगामी कार्यवाही को स्थगित करने के आदेश जारी किए हैं।

डीएलबी ने यह उठाए सवाल

खुले में कचरा परिवहन निषेध होने के उपरान्त भी बंद वाहनों से कचरा परिवहन के स्थान पर ट्रैक्टर ट्रॉली की निविदाएं क्यो आमंत्रित की गईं।

किन नियमों के तहत संवेदकों से अतिरिक्त 35 लाख की राशि जमा कराने की मांग की जा रही है।

गत वर्ष कचरा परिवहन पर हुए व्यय से 20 प्रतिशत से अधिक व्यय करने के लिए राज्य सरकार की सक्षम स्वीकृति प्राप्त कर ली गई है।

वर्तमान में कार्यरत फर्म को किस वर्ष में कितनी अवधि के लिए कितनी राशि का कार्यादेश जारी किया गया तथा उक्त निर्धारित अवधि के पश्चात फर्म की ओर से कितनी अवधि व कितनी राशि का कार्य सम्पादित किया गया। उसके लिए क्या निगम ने सक्षम स्तर से स्वीकृति प्राप्त कर ली।

दो वर्ष, 1340 लाख की निविदा

निगम ने एक जून को ट्रैक्टर ट्रॉली से कचरा परिवहन की निविदा जारी की। अंतिम तिथि 12 जून थी। निविदा में अनुमानित खर्च 13 करोड़ 40 लाख रुपए माना गया था। यह निविदा दो वर्ष के लिए है। दो फर्मों ने इसमें भाग लिया। अव्यवहारिक शर्तों के कारण निविदा की प्रतिस्पर्धा समाप्त हो गई।

रोक की जानकारी मिली, पत्र नहीं देखा

ट्रैक्टर-ट्रॉली निविदा पर डीएलबी की ओर से आगामी प्रक्रिया पर रोक लगाने की जानकारी मिली है। इस संबंध में अब तक पत्र नहीं देखा है। निविदा में तकनीकी निविदा खोली जा चुकी है, वित्तीय निविदा खोलनी बाकी है।

– के एल मीणा, आयुक्त, नगर निगम, बीकानेर।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare
error: Content is protected !!