स्पाइसजेट के विमान की पाकिस्तान में इमरजेंसी लैंडिंग:दिल्ली से दुबई जा रही फ्लाइट के इंडिकेटर में खराबी, फ्यूल टैंक लीक होने का भी दावा
दिल्ली से दुबई जा रहे स्पाइसजेट के विमान की मंगलवार को पाकिस्तान के कराची में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। फ्लाइट में मौजूद सभी पैसेंजर सेफ हैं। एयरलाइन ने अपने बयान में कहा-स्पाइसजेट B737 की फ्लाइट नंबर SG-11 दिल्ली से दुबई जा रही थी। इसी दौरान विमान के इंडिकेटर में खराबी का पता लगा। इसके बाद फ्लाइट को कराची डायवर्ट किया गया। हालांकि स्पाइसजेट ने इसे इमरजेंसी लैंडिंग नहीं माना है। वहीं स्पाइस जेट के ही एक और विमान की मुंबई में प्रायोरिटी लैंडिंग हुई है। इसकी विंडशील्ड हवा में क्रेक हो गई थी।
फ्यूल लीक का भी दावा
डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के मुताबिक एयरक्राफ्ट के फ्यूल टैंक से लीकेज की भी आशंका है। TIN ने DGCA के हवाले से कहा- फ्लाइट के दौरान क्रू ने महसूस किया कि एयरक्राफ्ट के फ्यूल टैंक का लेवल अचानक कम हो रहा है।
दूसरे शब्दों में कहें तो कॉकपिट में लगे इंडिकेटर पर दिखा कि फ्यूल नॉर्मल से कहीं ज्यादा तेजी से कम हो रहा है। इसी वजह से पायलट को कराची में लैंडिंग करानी पड़ी। इसे इमरजेंसी के बजाय प्रिकॉशनरी लैंडिंग (सावधानी के तौर पर की जाने वाली लैंडिंग) कहा जाना ज्यादा सही होगा।
दूसरी फ्लाइट भेजी जाएगी
स्पाइसजेट के मुताबिक विमान में किसी भी खराबी की पहले से जानकारी नहीं थी। यात्रियों को रिफ्रेशमेंट दिया जा रहा है। दिल्ली से एक एयरक्राफ्ट कराची भेजा जा रहा है। इससे पैसेंजर्स दुबई जाएंगे। दो हफ्ते में स्पाइसजेट की किसी फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिग की ये चौथी घटना है।
स्पाइसजेट के एक और विमान की मुंबई में प्रायोरिटी लैंडिंग
डीजीसीए के अधिकारियों ने बताया कि स्पाइस जेट के ही एक और विमान की मुंबई में प्रायोरिटी लैंडिंग हुई है। इसकी विंडशील्ड हवा में क्रेक हो गई थी। स्पाइसजेट की यह फ्लाइट एसजी 3324 कांडला से मुंबई जा रही थी। स्पाइसजेट ने बताया कि विमान की मुंबई में सेफ लैंडिंग हो गई है।
दिल्ली-जबलपुर फ्लाइट से उठने लगा था धुंआ
इससे पहले शनिवार (2 जुलाई) को दिल्ली से जबलपुर जा रही स्पाइस जेट की फ्लाइट नंबर SG-2962 की दिल्ली में लैंडिंग कराई गई थी। दिल्ली-जबलपुर फ्लाइट के केबिन में जब धुआं दिखा, तब प्लेन 5 हजार फीट की ऊंचाई पर था। इस फ्लाइट ने दिल्ली एयरपोर्ट से सुबह 6:15 पर उड़ान भरी थी। कुछ मिनट में ही एयरक्राफ्ट में धुआं भरने लगा।
पटना में भी हुई थी इसी तरह की घटना
19 जून को पटना में भी स्पाइसजेट के विमान की लेफ्ट विंग में टेकऑफ के वक्त चिंगारी निकलने लगीं थीं। इसके बाद पटना में ही इसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। शुरुआती जांच में बर्ड हिट का मामला सामने आया था। विमान में 185 यात्री सवार थे।इसके अलावा 19 जून को ही दिल्ली से गुवाहाटी जा रहे स्पाइसजेट के विमान में तकनीकी खराबी के चलते दिल्ली में ही लैंडिग कराई गई थी। इस विमान में 165 यात्री सवार थे।








