बीकानेर में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार:बोलेरो रोककर हमला और फायरिंग का आरोप, हत्या और आर्म्स एक्ट के कई केस दर्ज

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार:बोलेरो रोककर हमला और फायरिंग का आरोप, हत्या और आर्म्स एक्ट के कई केस दर्ज

बीकानेर

बीकानेर पुलिस ने जिले में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। नयाशहर थाने के हिस्ट्रीशीटर विष्णु बांगड़ा और बाला भाट को डीएसटी और गजनेर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पकड़ा। दोनों आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। दोनों की गिरफ्तारी फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले में की गई है।

एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में कार्रवाई की गई। इसकी मॉनिटरिंग एडीएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ ने की।

कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी विश्वजीत सिंह, गजनेर थानाधिकारी ओम प्रकाश सुथार, एएसआई दीपक यादव तथा हेड कांस्टेबल वासुदेव और श्रीराम की अहम भूमिका रही।

बोलेरो रोककर हमला और फायरिंग का आरोप

पुलिस के अनुसार दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी गजनेर थाने में दर्ज एक गंभीर मामले में की गई है।

एफआईआर के मुताबिक 9 फरवरी 2026 को शाम करीब 2:45 बजे परिवादी रतीराम जाट अपने साथियों के साथ बोलेरो गाड़ी में जा रहा था। इसी दौरान चैनी फांटा के पास एक स्कॉर्पियो और अन्य गाड़ियों में सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि बदमाशों ने गाड़ी पर हमला किया और लोहे की रॉड व लाठियों से मारपीट की। इसके साथ ही जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की गई। हमले में परिवादी पक्ष के लोगों को चोटें आईं।

एफआईआर में बाला भाट, विष्णु बांगड़ा सहित अन्य आरोपियों के नाम शामिल हैं।

हत्या और आर्म्स एक्ट के कई केस दर्ज

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पुराने अपराधी हैं। इनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

दोनों आरोपी पिछले कई महीनों से फरार चल रहे थे।

बीकानेर पुलिस ने बताया कि जिले में फरार और इनामी बदमाशों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में भी दबिश दी जा रही है।

Categories:
error: Content is protected !!