महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय में संत रविदास जयंती पर गरिमामय कार्यक्रम आयोजित

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर। महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय, बीकानेर में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (उच्च शिक्षा), राजस्थान की स्थानीय इकाई के तत्वावधान में संत रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रजनीरमण झा, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. राधा सोलंकी, प्रदेश कार्यकारिणी के संगठन मंत्री प्रो. दिग्विजय सिंह, प्रो. रविन्द्र शर्मा एवं प्रो. संजू श्रीमाली ने मां सरस्वती एवं संत रविदास जी के चित्र के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इसके पश्चात संस्कृत विभाग की डॉ. सरिता स्वामी एवं संगीत विभाग के डॉ. ओ.पी. सचदेवा के मार्गदर्शन में छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
भारतीय परंपरा के अनुरूप अतिथियों का उपरना (दुपट्टा), पौधा एवं सत्साहित्य भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. उज्ज्वल गोस्वामी ने विषय प्रवर्तन करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा एवं प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
मुख्य वक्ता प्रो. रजनीरमण झा ने अपने उद्बोधन में संत रविदास जी के जीवन, विचारों एवं दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत रविदास भक्ति काल के महान संत कवि एवं समाज सुधारक थे। उन्होंने समाज में व्याप्त पाखंड, आडंबर और बाह्य अनुष्ठानों का विरोध करते हुए अपनी सरल, सहज एवं प्रभावशाली वाणी के माध्यम से सामाजिक चेतना जागृत की। समाज के उत्थान, समानता एवं सामाजिक समरसता के लिए उनका योगदान आज भी प्रासंगिक एवं प्रेरणादायी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. राधा सोलंकी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में संत रविदास जी के आदर्शों एवं विचारों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रो. संजू श्रीमाली ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन इकाई सचिव डॉ. श्रद्धा एवं कार्यकारिणी सदस्य डॉ. निशु कंवर भाटी ने किया।
इस अवसर पर संगठन के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रो. शशिकांत (सेवा आयाम प्रमुख), जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष प्रो. नरेन्द्र कुमार वर्मा, जिला कार्यकारिणी उपाध्यक्ष डॉ. सुमित्रा चरण सहित महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Categories:
error: Content is protected !!