
बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के एल्युमनी सेल एवं एल्युमनी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में भूगोल विभाग में विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं के साथ एक दिवसीय संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व छात्रों को विश्वविद्यालय से पुनः जोड़ना, विश्वविद्यालय के विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाना तथा उन सहपाठियों और शिक्षकों के साथ दोबारा जुड़ने के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना रहा, जिनके साथ उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन का महत्वपूर्ण समय बिताया।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए एल्युमनी सहसचिव तुलछा राम ने एल्युमनी की अवधारणा, उसकी उपयोगिता तथा कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय का प्रत्येक पूर्व छात्र एल्युमनी नेटवर्क का हिस्सा बन सकता है और इस नेटवर्क के माध्यम से पूर्व छात्र एक-दूसरे के साथ-साथ विश्वविद्यालय से भी निरंतर जुड़े रह सकते हैं।
एल्युमनी सेल की प्रभारी डॉ. सीमा शर्मा ने कहा कि पूर्व छात्रों की सक्रिय भागीदारी से विश्वविद्यालय के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र ही उसके वास्तविक ब्रांड एम्बेसडर हैं और उनके अनुभव, सहयोग एवं उपलब्धियां विश्वविद्यालय की पहचान को और मजबूत करती हैं।
एल्युमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री जसप्रीत सिंह ने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय के लिए उसका एल्युमनी नेटवर्क सबसे शक्तिशाली संसाधनों में से एक हो सकता है। उन्होंने कहा कि देश के अनेक विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय अपने मजबूत एल्युमनी नेटवर्क के माध्यम से शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ा रहे हैं।
इस अवसर पर प्रो. देवेश सारण ने पूर्व छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन की यादें हमेशा व्यक्ति के साथ रहती हैं। जब भी कोई अपने विश्वविद्यालय का नाम सुनता है, तो उसके मन में अपने विश्वविद्यालय के प्रति अपनापन और गौरव की भावना उत्पन्न होती है। इसलिए पूर्व छात्रों को विश्वविद्यालय से हमेशा जुड़े रहना चाहिए और एक-दूसरे के सहयोग से विश्वविद्यालय को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में भूगोल विभाग की डॉ. मीनाक्षी, डॉ. दीपाली चौधरी, डॉ. नजनीन अहमद, डॉ. जिज्ञासा सिंह, शॉफीन अहमद, विदित विश्वनाथ, गुमाना राम जाखड़, एकता यादव, वाघदान चारण,परविंदर सिंह, सूर्य प्रकाश,कासिम अली, आदित्य सहित विभाग के अन्य शिक्षक एवं पूर्व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्रों ने विश्वविद्यालय के साथ अपने अनुभव साझा किए तथा भविष्य में एल्युमनी गतिविधियों के माध्यम से विश्वविद्यालय के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।





