विजयवाड़ा में ऐडवा केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक: मनुवाद और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करेगी एडवा, राजस्थान में चलेगा व्यापक आंदोलन

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की केंद्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में देश की वर्तमान सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा आने वाले समय में जन-अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष को और तेज करने का संकल्प लिया गया।
​बैठक में लिए गए निर्णयों और संगठन के ‘फ्यूचर टास्क’ (भावी रणनीतियों) की विस्तृत जानकारी देते हुए एडवा की राजस्थान राज्य महासचिव डॉ. सीमा जैन ने एक प्रेस बयान जारी कर बताया कि देश में पैर पसार रही संप्रदायिक व जातिवादी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए संगठन पूरे देश में ‘मनुवाद के खिलाफ सामाजिक न्याय जत्थे’ चलाएगा। इन जत्थों का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और वंचितों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और सामाजिक समानता का संदेश घर-घर तक पहुंचाना है।
​डॉ. सीमा जैन ने कहा कि (SIR) प्रक्रिया के नाम पर जिस प्रकार से बड़े पैमाने पर गरीबों, मजदूरों और महिलाओं के नाम मतदाता सूचियों से काटे गए हैं, वह बेहद चिंताजनक और लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर करने वाला कदम है। एडवा इसके खिलाफ एक व्यापक पब्लिक कैंपेन (जन अभियान) चलाएगी। इस अभियान के तहत जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से अन्यायपूर्ण तरीके से काटे गए हैं, उन्हें चिन्हित कर नाम पुनः जुड़वाने और प्रशासन की जवाबदेही तय करने के लिए बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
​राजस्थान के संदर्भ में भावी संघर्ष की रूपरेखा रखते हुए राज्य महासचिव ने कहा कि प्रदेश में इस समय आम जनता और विशेष रूप से महिलाएं चौतरफा मार झेल रही हैं। आसमान छूती महंगाई ने गृहणियों और आम परिवारों का बजट पूरी तरह बिगाड़ कर रख दिया है। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर फैले भ्रष्टाचार और बुनियादी जन-सुविधाओं की बदहाली से जनता त्रस्त है।
​डॉ. सीमा जैन ने स्पष्ट किया कि एडवा राजस्थान में महंगाई, भ्रष्टाचार, महिलाओं पर बढ़ते अपराध, बेरोजगारी और स्थानीय जन-मुद्दों को एक साथ जोड़कर एक मजबूत रणनीति तैयार कर रही है। आने वाले दिनों में संगठन तहसील से लेकर राज्य स्तर तक नुक्कड़ सभाओं, प्रदर्शनों और घेराव के माध्यम से सरकार की जनविरोधी नीतियों को बेनकाब करेगा और सड़कों पर उतरकर महिलाओं व आम जनता की आवाज को मजबूती से बुलंद करेगा।

डॉ. सीमा जैन
राज्य महासचिव, अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (एडवा), राजस्थान

Categories:
error: Content is protected !!