बीकानेर में 3-4 अक्टूबर को होगा ASIRAJ 2026 का आयोजन

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

500 से अधिक सर्जन होंगे शामिल, आधुनिक शल्य चिकित्सा की नवीनतम तकनीकों पर होगा मंथन

बीकानेर। एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया-राजस्थान चैप्टर (ASIRAJ) का वार्षिक सम्मेलन ASIRAJ 2026 आगामी 3 एवं 4 अक्टूबर को बीकानेर के सिद्धि सिद्धि रिसॉर्ट्स में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में राजस्थान एवं आसपास के राज्यों से 500 से अधिक सर्जनों के भाग लेने की संभावना है।

सम्मेलन में आधुनिक शल्य चिकित्सा तकनीकों, न्यूनतम इनवेसिव एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, रोबोटिक सर्जरी तथा जटिल शल्य रोगों के उपचार से जुड़े नवीनतम विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार और अनुभव साझा करेंगे। आयोजन अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद सलीम ने बताया कि देश के ख्यातनाम राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ सम्मेलन में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान देंगे।

आयोजन सचिव डॉ. मनोहर लाल दवां ने बताया कि सम्मेलन युवा सर्जनों एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धन, शोध प्रस्तुत करने और वरिष्ठ विशेषज्ञों से संवाद का महत्वपूर्ण मंच होगा।

3 अक्टूबर को उद्घाटन समारोह

सम्मेलन का उद्घाटन समारोह 3 अक्टूबर को होगा। इसमें एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (ASI) के उपाध्यक्ष डॉ. प्रतापसिंह ए. बकरे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि डॉ. अमीलाल भाट विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

वैज्ञानिक कार्यक्रम में हर्निया सर्जरी, लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, रोबोटिक सर्जरी, स्तन कैंसर, हेपेटो-पैंक्रियाटो-बिलियरी सर्जरी, जटिल फिस्टुला, पित्ताशय रोग, ट्रॉमा, डायबिटिक फुट, वैस्कुलर सर्जरी एवं कैंसर सर्जरी सहित विभिन्न विषयों पर व्याख्यान और पैनल चर्चा होगी।

सम्मेलन में ‘Beyond the Repair: Tackling Hernia Complications’, ‘Approach to Breast Lump’, ‘Difficult Gallbladder – Recognise, Reassess, Rescue’ तथा ‘Management of Complex Fistula’ जैसे विषयों पर भी विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।

2 अक्टूबर को होंगे प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप

मुख्य सम्मेलन से एक दिन पूर्व 2 अक्टूबर को प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप आयोजित होंगी। इनमें Laser Proctology & Varicose Veins, Upper GI Endoscopy और AI for Healthcare Professionals जैसे विषय शामिल हैं।

सम्मेलन के दौरान प्रतियोगी शोध पत्र प्रस्तुतिकरण, फैकल्टी प्रस्तुतिकरण, ई-पोस्टर प्रस्तुतिकरण और पीजी क्विज जैसी अकादमिक गतिविधियां भी होंगी। वैज्ञानिक कार्यक्रम में Dr. Dinesh Jindal Oration एवं Presidential Oration भी आयोजित किए जाएंगे।

आयोजन समिति के अनुसार ASIRAJ 2026 का उद्देश्य सर्जिकल क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों एवं उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देने के साथ वरिष्ठ विशेषज्ञों और युवा सर्जनों के बीच ज्ञान, शोध एवं व्यावहारिक अनुभवों का आदान-प्रदान करना है। सम्मेलन राजस्थान के चिकित्सा जगत में आधुनिक, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शल्य चिकित्सा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण अकादमिक आयोजन होगा।

Categories:
error: Content is protected !!