बीकानेर। भारतीय स्टेट बैंक द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई आरसेटी), बीकानेर में आयोजित असिस्टेंट बुक कीपर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम में कुल 31 प्रशिक्षणार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की, जिन्हें अतिथियों द्वारा प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
समापन समारोह में भारतीय स्टेट बैंक की जेएनवी शाखा के शाखा प्रबंधक श्री राकेश वर्मा एवं एसबीआई हॉस्पिटल रोड शाखा के शाखा प्रबंधक श्री सुरेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अतिथियों ने सफल प्रशिक्षणार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि लेखांकन एवं वित्तीय प्रबंधन का ज्ञान वर्तमान समय में रोजगार और स्वरोजगार के लिए अत्यंत उपयोगी है। आरसेटी के माध्यम से प्राप्त प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा रोजगार के नए अवसर प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को अर्जित ज्ञान एवं कौशल का व्यावहारिक जीवन में उपयोग करने और आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की दिशा तय करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के निदेशक एवं स्टाफ द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा सभी सफल प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Categories: GENERAL NEWS






