GENERAL NEWS

फाल्गुन माह में उमड़ा आस्था का सैलाब -खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा मे गूंजा “जय श्री श्याम”

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare


बीकानेर । फाल्गुन मास के पावन अवसर पर “खर्चो भेज दे सांवरिया, फागण आयो रे…” की गूंज के साथ आज बीकानेर में खाटू श्याम बाबा की भव्य निशान यात्रा धूमधाम से निकाली गई। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरा शहर श्याममय नजर आया और वातावरण भजनों व जयकारों से गुंजायमान रहा।
निशान यात्रा में महिला-पुरुष, युवा और बच्चे हाथों में ध्वज (निशान) लेकर बाबा के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। जगह-जगह आकर्षक एवं सचेतन झांकियां सजाई गईं, जिनमें बाबा की लीलाओं का सुंदर चित्रण किया गया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया, जिससे वातावरण भक्तिरस में डूब गया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु श्याम बाबा के भजनों पर भाव-विभोर होकर नृत्य करते नजर आए। ढोल-नगाड़ों और चंग की थाप पर भक्तों ने फागोत्सव की छटा बिखेरी। कई स्थानों पर जलपान और सेवा शिविर भी लगाए गए।
निशान यात्रा पब्लिक पार्क पहुंची, जहां सभी श्रद्धालुओं को भोजन स्वरूप प्रसाद का वितरण किया गया। सेवा भाव से ओतप्रोत कार्यकर्ताओं ने सुव्यवस्थित ढंग से प्रसादी की व्यवस्था संभाली। इसके बाद यात्रा मंदिर परिसर पहुंची, जहां ट्रस्ट सदस्यों द्वारा पुष्प वर्षा कर सभी का स्वागत किया गया।
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों से आकर्षक रूप से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भव्य पंडाल का निर्माण किया गया है। रंगभरी एकादशी के अवसर पर बाबा के दर्शन के लिए अत्यधिक भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। दर्शनार्थियों की कतारों को सुव्यवस्थित रखने के लिए बैरिकेट्स लगाए गए हैं तथा बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
फागण माह में आयोजित इस निशान यात्रा ने न केवल धार्मिक आस्था को नई ऊंचाई दी, बल्कि सामाजिक समरसता और सामूहिक भक्ति का भी अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। पूरे आयोजन ने बीकानेर को श्याम भक्ति के रंग में रंग दिया।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare
error: Content is protected !!