स्वच्छता से नशा मुक्ति तक: आवर फॉर नेशन के अभियान में ANTF बीकानेर भी शामिल…

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर। रविवार, दिनांक 8 फरवरी 2026 को टीम ‘आवर फॉर नेशन’ द्वारा प्रातः 7:30 बजे श्रीगंगानगर सर्किल (टीटी कॉलेज कॉर्नर) स्थित बस स्टैंड क्षेत्र में एक व्यापक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। यह स्थान बीकानेर का अत्यंत व्यस्त क्षेत्र है, जहाँ प्रतिदिन सैकड़ों बसों का आवागमन होता है तथा बड़ी संख्या में ऑटो, ठेले एवं चाय की दुकानें संचालित रहती हैं।

टीम का उद्देश्य सुबह के समय खाली स्थान मिलने पर सफाई करना था, किंतु टीम के पहुँचते ही यह देखकर आश्चर्य हुआ कि लगभग 20-21 बसें पहले से खड़ी थीं और यात्रियों की चहल-पहल दिन जैसी ही थी। इसके बावजूद टीम ने भारी ट्रैफिक और गतिविधियों के बीच ही सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया।

क्षेत्र में भारी मात्रा में कचरे के ढेर मौजूद थे, जिससे यह स्पष्ट होता था कि यहाँ नियमित सफाई व्यवस्था प्रभावी नहीं है। टीम के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ मौके पर झाड़ू, फावड़े और ट्रे की मदद से सफाई प्रारंभ की। आसपास मौजूद नागरिक, दुकानदार और यात्री भी इस सकारात्मक प्रयास से प्रेरित होकर स्वेच्छा से टीम के साथ जुड़ गए।

इसी दौरान बीकानेर की Anti Narcotics Task Force (ANTF) अपने प्रभारी सीआई श्री महेन्द्र दत्त शर्मा के नेतृत्व में मौके पर पहुँची और टीम ‘आवर फॉर नेशन’ के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सफाई कार्य में भाग लिया। ANTF टीम के जुड़ने से पूरे अभियान में नया जोश और ऊर्जा का संचार हुआ।

लगभग एक घंटे की निरंतर मेहनत के बाद पूरे क्षेत्र की सफाई की गई तथा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भरकर कचरा डंपिंग यार्ड भेजा गया।

अभियान के अंत में सीआई श्री महेन्द्र दत्त शर्मा (Incharge, ANTF Bikaner) ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए नशा उन्मूलन का संदेश दिया। उन्होंने सभी को पुलिस का सहयोग करने की अपील की, अपना संपर्क नंबर सार्वजनिक रूप से साझा किया और आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की नशीली गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने बीकानेर को स्वच्छ और नशामुक्त बनाने के लिए टीम ‘आवर फॉर नेशन’ के साथ मिलकर निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। टीम ‘आवर फॉर नेशन’ ने भी नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

आज के अभियान में भाग लेने वाले सदस्य:

वंदना शर्मा, हसन, सुशील यादव, बसंत, अरुण चम, डॉ. रेखा श्रीवास्तव, डॉ. विशाल मलिक, सीए वसीम रज़ा, सीए सुधीश शर्मा, पुरुषोत्तम शर्मा, राम हंस मीना, गुरमोहन सेठी, निखिल, भूपेन खत्री सहित अनेक स्वयंसेवक एवं ANTF बीकानेर टीम।

टीम ‘आवर फॉर नेशन’ का यह अभियान न केवल स्वच्छता की दिशा में एक मजबूत कदम रहा, बल्कि समाज में नशा मुक्ति, नागरिक सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी का भी प्रेरक संदेश बनकर उभरा।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare
Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!