GENERAL NEWS

श्याम बाबा का 11वां फाग उत्सव धूमधाम से संपन्न

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare


बीकानेर। छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध बीकानेर में फाल्गुन माह की रंगत इन दिनों चरम पर है। इसी कड़ी में आज हनुमान हत्था क्षेत्र में श्याम भक्तों द्वारा आयोजित श्याम बाबा का 11वां फाग उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पूरे पंडाल में “गर जोर मेरो चाले, हीरा मोत्या से नजर उतार दयू…” जैसे भजनों की गूंज ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना एवं ज्योत प्रज्ज्वलन से हुई। बाबा का अलौकिक एवं अद्भुत श्रृंगार विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। सोने-चांदी के आभूषणों, रंग-बिरंगे पुष्पों और विशेष सजावट से सजे दरबार को देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
फतेहपुर शेखावाटी से पधारे कलाकारों ने राजस्थानी वाद्य चंग पर धमाल मचाते हुए फागोत्सव की परंपरा को जीवंत कर दिया। चंग की थाप पर महिला और पुरुष श्रद्धालु नृत्य में झूम उठे और पूरा वातावरण “श्याम नाम” से गूंजायमान हो गया।
भजन संध्या में मयंक शर्मा, कमलेश शर्मा, पिंकी सोलंकी, अंकिता शर्मा एवं गोविंद सहल ने एक से बढ़कर एक श्याम भजनों की प्रस्तुतियां दीं। उनके सुरों ने ऐसा समां बांधा कि भक्तों की आंखों से अश्रुधारा बह निकली। पूरा पंडाल भक्ति रस में डूब गया।
इस अवसर पर बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इत्र वर्षा, फूलों की होली एवं अलौकिक सजावट ने उत्सव की शोभा को चार चांद लगा दिए। श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया तथा आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, कलाकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन की बधाई दी।
फागोत्सव के इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि बीकानेर की धरती पर श्याम भक्ति की धारा निरंतर प्रवाहित हो रही है।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

About the author

THE INTERNAL NEWS

Add Comment

Click here to post a comment

error: Content is protected !!