‘संडे ऑन साइकिल’ का 12वां संस्करण उत्साह और ऊर्जा के साथ आयोजित..

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सक्रिय जीवनशैली का दिया संदेश

बीकानेर, 8 फरवरी।
भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत एनएलसी इंडिया लिमिटेड, बरसिंहसर परियोजना द्वारा रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का 12वां संस्करण अत्यंत उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम की आदत विकसित करने तथा साइक्लिंग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

जिला साइक्लिंग संघ के सचिव सुरेंद्र कूकणा ने बताया कि साइकिल रैली का आयोजन रवियार सुबह 8:30 बजे लिग्नाइट शक्ति नगर गेट से थर्मल गेट तक किया गया। इस साइकिल रैली में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। विशेष बात यह रही कि कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे यह आयोजन एक पारिवारिक फिटनेस उत्सव के रूप में दिखाई दिया।

इस अवसर पर एनएलसी इंडिया लिमिटेड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ पॉवरग्रिड बीकानेर परियोजनाओं से मुख्य महाप्रबंधक श्री संतोष कुमार सिंह तथा महाप्रबंधक श्री के. वी. राजीव भी शामिल हुए। उनकी उपस्थिति ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में एनएलसी इंडिया लिमिटेड के थर्मल हेड मुख्य महाप्रबंधक श्री एम. कुमार, जिला साइक्लिंग संघ के सचिव सुरेंद्र कूकणा, अंतर्राष्ट्रीय साइक्लिस्ट दयालाराम सारण, जेठाराम गाट, मुन्नीराम गोदारा, रामप्रसाद पेमाराम मेहरिया, दिलीप, धर्मपाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों को नियमित साइक्लिंग अपनाने, शारीरिक रूप से सक्रिय रहने तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

साइकिल रैली के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ “फिटनेस की डोज़, आधा घंटा रोज़” का संदेश दिया। कार्यक्रम के आरंभ में वार्म-अप एवं स्ट्रेचिंग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने सही व्यायाम तकनीकों और फिटनेस के लाभों की जानकारी दी।यह आयोजन फिट इंडिया अभियान की भावना के अनुरूप सामुदायिक सहभागिता, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी उदाहरण बना।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला साइक्लिंग संघ के सचिव सुरेंद्र कूकणा ने बताया कि बीकानेर में प्रत्येक रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ का नियमित आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस पहल से जुड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं तथा प्रदूषण रहित वातावरण के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare
Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!