
बीकानेर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लघु उद्योग भारती, बीकानेर महिला इकाई द्वारा 7 एवं 8 मार्च 2026 को रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में पहली बार महिला खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।
महिला इकाई की अध्यक्ष श्रीमती राखी चौरड़िया ने बताया कि इस खेल महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। आयोजन में शहर एवं आसपास की 18 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाएं और महिलाएं भाग ले सकेंगी। महोत्सव के तहत विभिन्न इनडोर एवं आउटडोर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा।
खेल संयोजक डॉ. आशु मल्लिक ने बताया कि महिलाएं केवल पारिवारिक और व्यावसायिक जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खेल और सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। इसको दृष्टिगत रखते हुए इस प्रतियोगिता काआयोजन किया जा रहा है।
लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष राजेश गोयल ने बताया कि महिला सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास का आधार है और ऐसे आयोजन महिलाओं को आगे बढ़ने का सकारात्मक मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी महिलाओं से बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।











Add Comment