बीकानेर, 5 मई। शहर में संगीत प्रेमियों के लिए 9 मई की शाम खास होने जा रही है। सुर गंगा म्यूजिकल ग्रुप बीकानेर द्वारा महान गीतकार कैफ़ी आज़मी की 24वीं तथा प्रसिद्ध पार्श्वगायक तलत महमूद की 28वीं पुण्यतिथि के अवसर पर “एक शाम कैफ़ी आज़मी तलत महमूद के नाम” शीर्षक से संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम 9 मई को शाम 5 बजे महाराजा नरेंद्रसिंह ऑडिटोरियम (होटल लाल जी के सामने) में होगा। इस अवसर पर सुर गंगा ग्रुप के सदस्य कैफ़ी आज़मी द्वारा लिखे गए गीतों और तलत महमूद की आवाज़ में गाए गए सदाबहार नग्मों की प्रस्तुतियां देंगे।
संस्था अध्यक्ष एम. रफीक कादरी के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम दौर के गीतों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और इन महान कलाकारों को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित करना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एन.डी. रंगा (अध्यक्ष, सखा संगम) होंगे, जबकि अध्यक्षता एम.आर. मुगल करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में रहमत अली (आरएसएमएम), महबूब रंगरेज (कांग्रेस नेता) और मो. सदीक चौहान शामिल रहेंगे। कार्यक्रम का संचालन एम. रफीक कादरी करेंगे।
आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस संगीतमय आयोजन का आनंद लेने की अपील की है।









