बीकानेर की बेटियों ने राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare


बीकानेर। बीकानेर जिला बास्केटबॉल संघ की बालिका टीम ने सीकर में आयोजित 76वीं जूनियर राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। यह प्रतियोगिता 12 अप्रैल से 14 अप्रैल 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेशभर की मजबूत टीमों ने भाग लिया।

संघ के सचिव श्री राजेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच बीकानेर की बेटियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत के बल पर तीसरा स्थान हासिल किया।

संघ के अध्यक्ष श्री दुर्गा सिंह शेखावत ने टीम की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर सभी का दिल जीत लिया। उन्होंने बताया कि टीम की सफलता में कोच नरेंद्र कांसवा एवं नरेंद्र कुमार अर्जुनसर और मैनेजर रेखा भाम्भू का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि हासिल की।

संघ के अध्यक्ष श्री दुर्गा सिंह शेखावत एवं कोषाध्यक्ष श्री आनंद सिंह राजवी सहित सभी पदाधिकारियों ने टीम को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुमकामनाएं दी। साथ ही फूसाराम भादू, गंगासिंह, निशा लिम्बा, जतिनमान सिंह शेखावत एवं सुरज्ञान कंवर ,संपत राठौड़ , दिलीप बिश्नोई , मनोज तिवारी , नरेन्द्र गहलोत , भेरूरतन पुरोहित, महावीर ने भी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी।

संघ पदाधिकारियों ने बताया कि बीकानेर की टीमें पिछले कई वर्षों से लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और स्कूल एवं ओपन दोनों वर्गों की श्रेणियों में निरंतर पदक जीत रही हैं, जो जिले में बास्केटबॉल के बढ़ते स्तर का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि यह सफलता जिले में बास्केटबॉल खेल के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है और आने वाले समय में जिला बास्केटबॉल संघ बीकानेर की टीमें और भी ऊंचाइयों को छुएंगी।

यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों के लिए बल्कि पूरे बीकानेर जिले के लिए गर्व का विषय है।

Categories:
error: Content is protected !!