
बीकानेर, 14 अप्रैल 2026। राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय , बीकानेर के संघटक डेयरी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. राहुल सिंह पाल के स्वागत भाषण मे डॉ. आंबेडकर के विचारों, उनके संघर्षमय जीवन तथा भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। डॉ. आंबेडकर के संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो” को अपनाने पर बल देते हुए कहा कि “जिसका मन जीवित होते हुए भी स्वतंत्र नहीं है, ऐसा जीवन मृत के समान है।” साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि डॉ. आंबेडकर ने समाज से छुआछूत जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए और सामाजिक समानता की स्थापना में अपना योगदान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को इन विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पत्रकार दिलीप गुप्ता ने प्रेरणादायक संबोधन में डॉ. आंबेडकर के जीवन संघर्ष, उनके दूरदर्शी विचारों एवं सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को विस्तार से प्रस्तुत किया। डॉ. आंबेडकर का जीवन हमें शिक्षा, समानता और आत्मसम्मान के महत्व को समझने की प्रेरणा देता है। विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे ज्ञान को अपनी सबसे बड़ी शक्ति बनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मंच का संचालन डॉ. सोनिया मोर द्वारा किया गया ।












Leave a Reply