अवतरण दिवस पर भक्ति, सेवा और परोपकार का संगम

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर, 8 अप्रैल। श्री गुरु अर्जुन दास सत्संग भवन के संस्थापक एवं श्री रूद्र हनुमान सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गुरु अर्जुन दास जी का अवतरण दिवस बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े विविध सेवा कार्य भी किए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः राम नाम जाप एवं सत्संग से हुई, जो लगभग एक घंटे से अधिक समय तक चला। इसके पश्चात भगवान श्री रूद्र हनुमान को भोग अर्पित कर संगत में प्रसाद वितरित किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं और समिति सदस्यों ने गुरु जी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर को सेवा कार्यों से जोड़ते हुए समिति द्वारा पीबीएम अस्पताल परिसर एवं कृष्ण सेवा संस्थान में कैंसर पीड़ित मरीजों और उनके परिजनों को चाय तथा गरमा-गरम लापसी का प्रसाद वितरित किया गया, जिससे जरूरतमंदों के बीच संवेदनशीलता और सहयोग का संदेश भी प्रसारित हुआ।

इस दौरान अभिषेक गुप्ता, उषा गुप्ता, गीता गहलोत, सोनू स्वामी, वैभव, हिमांशी, मयंक, बसंत किराडू और हिमांशु किराडू सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में श्री गुरु अर्जुन दास जी ने जीवन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जन्म केवल देह का नहीं, बल्कि आत्मा की यात्रा का एक पड़ाव है। उन्होंने कहा कि मनुष्य का जीवन प्रेम, सत्कर्म और परमानंद की प्राप्ति के लिए है, लेकिन सांसारिक आकर्षण इस उद्देश्य को धुंधला कर देते हैं। ऐसे उत्सव हमें अपने मूल उद्देश्य की याद दिलाते हैं और परमात्मा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में भक्ति, सेवा और मानवीय मूल्यों का सुंदर समन्वय देखने को मिला, जिसने उपस्थित जनों को आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक संदेश से ओत-प्रोत कर दिया।

Categories:
error: Content is protected !!