समर्थन मूल्य पर चना-सरसों खरीद कार्य शुरू, किसानों को मिलेगा लाभ..

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर। बज्जू क्षेत्र में किसानों के लिए राहत भरी खबर है। बज्जू क्रय विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा समर्थन मूल्य पर चना एवं सरसों की खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ कर दिया गया है। इस अवसर पर समिति के चेयरमैन श्री पूर्ण सिंह पूनिया ने फीता काटकर खरीद कार्य का विधिवत उद्घाटन किया।

समिति के मुख्य व्यवस्थापक गजेंद्र विश्नोई ने बताया कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से यह खरीद शुरू की गई है, जिससे किसान अपनी फसल समर्थन मूल्य पर बेचकर अधिक लाभ अर्जित कर सकेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि बज्जू केंद्र पर अब तक लगभग 550 किसानों का पंजीकरण किया जा चुका है और यह प्रक्रिया निरंतर जारी है।

खरीद प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाने के लिए किसानों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार साफ-सुथरी एवं गुणवत्तापूर्ण उपज लाने की सलाह दी गई है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए जन आधार कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक सहित आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।

समिति द्वारा चना का समर्थन मूल्य 5875 रुपये प्रति क्विंटल तथा सरसों का समर्थन मूल्य 6200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। प्रत्येक किसान से प्रतिदिन अधिकतम 40-40 क्विंटल चना एवं सरसों की खरीद की जाएगी। पहले दिन दो किसानों से खरीद की प्रक्रिया पूरी की गई।

इस मौके पर समिति अध्यक्ष ताराचंद ब्याला, मंडी अध्यक्ष महेन्द्र सिंह भाटी, मणफूल सीड्स, सांवरलाल बैनीवाल, केदार प्रतिनिधि श्रवण सींगड़, प्रकाश बैनीवाल सहित समिति के कर्मचारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

खरीद कार्य प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल है और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिलने की उम्मीद जगी है।

Categories:
error: Content is protected !!