बीकानेर के 25 अस्पतालों में शनिवार को लगेंगे एचपीवी टीकाकरण शिविर, 14 वर्ष की बालिकाओं को मिलेगी सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर, 25 मार्च। सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बालिकाओं को सुरक्षित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा शनिवार, 28 मार्च को जिले के 25 प्रमुख अस्पतालों में विशेष एचपीवी (HPV) टीकाकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि यह टीकाकरण अभियान वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और उससे उच्चतर चिकित्सा संस्थानों पर ही संचालित किया जा रहा है।

इन 25 केंद्रों पर दी जाएगी सुरक्षा की ‘डोज’:
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 16 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC), 6 उप जिला अस्पतालों और नोखा जिला अस्पताल में ये शिविर लगेंगे। वहीं, बीकानेर शहर में पीबीएम अस्पताल के बच्चा अस्पताल, एसडीएम जिला अस्पताल और सैटेलाइट अस्पताल गंगाशहर में टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। शिविरों का आयोजन प्रातः 9 बजे से ओपीडी समय के दौरान किया जाएगा।

कौन ले सकता है निःशुल्क टीके का लाभ:
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भवानी शंकर गहलोत ने स्पष्ट किया कि ऐसी कोई भी बालिका जिसने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है, लेकिन अभी 15 वाँ जन्मदिन नहीं मनाया है (अर्थात जो वर्तमान में 14 वर्ष की है), वह इस निःशुल्क टीके का लाभ ले सकती है। उन्होंने बताया कि यह एक ‘वीआईपी’ माना जाने वाला बेशकीमती टीका है, जो पहले केवल निजी अस्पतालों में उपलब्ध था। अब भारत सरकार द्वारा इसे सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध करवाया जा रहा है।

पंजीकरण की प्रक्रिया और जानकारी:
यूएनडीपी (UNDP) के कार्यक्रम अधिकारी योगेश शर्मा ने बताया कि बालिकाएं सीधे संबंधित अस्पतालों में जाकर अपना टीकाकरण करवा सकती हैं। इसके अतिरिक्त, माता-पिता या स्वयं बालिका ‘यू-विन’ (U-Win) ऐप या पोर्टल के माध्यम से भी अपना पंजीकरण सुनिश्चित कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए नजदीकी अस्पताल, एएनएम या आशा सहयोगिनी से संपर्क किया जा सकता है।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare
Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!