बीकानेर । गंगाशहर स्थित नगर निगम कार्यालय को लेकर चल रही चर्चाओं और आमजन की चिंताओं के बीच भाजपा शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि इस विषय पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ भी लगातार संवाद किया गया है।
छाजेड़ ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल तथा बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी भी गंगाशहर क्षेत्र की जनता की सुविधाओं को लेकर गंभीर हैं और उनकी भावना है कि आमजन को नगर निगम सेवाओं के लिए किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
इसी क्रम में सुमन छाजेड़ ने जिला कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त एवं संभागीय आयुक्त से भेंट कर गंगाशहर क्षेत्र की जनता की भावनाओं और आवश्यकताओं से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने स्पष्ट आश्वासन दिया है कि गंगाशहर में नगर निगम की व्यवस्था को स्थायी रूप से समाप्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में किसी विकास कार्य या प्रशासनिक आवश्यकता के कारण वर्तमान कार्यालय स्थल में परिवर्तन करना पड़ता है, तो भी कार्यालय को बंद नहीं किया जाएगा, बल्कि जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की सहमति से किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री श्याम सिंह हाड़ला, सह कार्यालय प्रभारी रघुवीर प्रजापत तथा ताराचंद गहलोत भी उपस्थित रहे।














