गंगाशहर नागरिक परिषद्, कोलकाता द्वारा 105 प्रतिभाओं का सम्मान

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare



बीकानेर। शैक्षणिक उपाधि या प्रतिशत अंक से ज्यादा महत्वपूर्ण ज्ञान होता है। सफलता का कोई शाॅर्टकट नहीं होता। सफलता के लिए निरन्तर प्रयास आवश्यक होता है। ये प्रेरणा आज की.एम.ऑडिटोरियम में गंगाशहर नागरिक परिषद्, कोलकाता द्वारा आयोजित प्रतिभावान सम्मान समारोह में केरियर गाइड श्रीमती नीता नाहटा ने अपने वक्तव्य में दी। श्रीमती नाहटा ने कहा कि केवल कठिन श्रम करना ही प्रभावक नहीं होता, इसके लिए सही अवसर व सही दिशा में प्रयास जरूरी होता है। व्यक्ति को अपनी नेचुरल योग्यता का अंकन भी करके उस अनुरूप अपने केरियर का चुनाव करना चाहिए। नाहटा ने कहा कि भारत में केरियर के 5000 से ज्यादा क्षेत्र उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में कहीं प्रतिस्पर्धा नहीं समझनी चाहिए बल्कि सामूहिक सहयोग से ही विकास सम्भव होता है।
इस अवसर पर गंगाशहर नागरिक परिषद् कोलकाता के अध्यक्ष प्रदीप चोपड़ा ने कहा कि सफलता के लिए अवसर महत्वपूर्ण नहीं होता बल्कि उस अवसर का समुचित उपयोग करना ही सार्थक होता है। कभी कभी परिस्थितियों के चलते अगर अपने सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद असफल हो जाने पर निराश नहीं होना चाहिये, बल्कि उसका सामना कर पुनः मार्ग पर आगे बढ़ने वाला ही सफलता पा सकता है।
आयोजन के स्वागताध्यक्ष कन्हैयालाल बोथरा ने गंगाशहर के विकास में चौपड़ा परिवार के महत्वपूर्ण योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भी चिकित्सा, शिक्षा व अन्य सामाजिक प्रकल्पों में उनकी भूमिका बहुत उपयोगी है। बोथरा ने समाजभूषण छोगमल चोपड़ा की स्मृति में मेधावी पुरस्कार की महता बताते हुए उनके परिजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्व. छोगमल चोपड़ा के पड़पौत्र सुशील कुमार चोपड़ा ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में यह पुरस्कार प्रतिभाओं के लिए प्रेरक रहेगा। परिषद् की गंगाशहर समिति के चेयरमैन जतनलाल दूगड़ ने बताया कि आज 105 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। जिसमें सेकेण्डरी, सीनियर सेकेंडरी व चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टर, आदि प्रोफेशनल व्यक्ति भी शामिल थे।बच्छराज रांका ने बताया कि खेल-कूद स्पोर्ट्स आदि में सफल रहे प्रतिभा सम्पन्न व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।
परिषद् के महेन्द्र चौपड़ा ने बताया कि गंगाशहर क्षेत्र में कक्षा 12 में चयनित श्री जैन पब्लिक स्कूल की महक भंसाली प्रथम, सेठ रावतमल बोथरा स्कूल की ज्योति कुमावत द्वितीय व ही.सौ. रामपुरिया विद्या निकेतन की अन्तिमा तंवर को तृतीय पुरस्कार प्रदान करते हुए स्मृति चिन्ह के साथ क्रमशः 11,000/ 7,100/ व 5,100/ राशि का चैक प्रदान किया गया।
कक्षा 10 के पुरस्कारों में श्री जैन पब्लिक स्कूल के मुदित बोथरा प्रथम, अर्हम् इंग्लिश एकेडमी की नुपुर नाहर को द्वितीय एवं ही.सौ. रामपुरिया विद्या निकेतन के अक्षत शर्मा को तृतीय पुरस्कार के स्मृति चिन्ह के साथ क्रमशः 7,100/ 5,100/ व 3,100/ भी प्रदान की गई।
सुरेन्द्र भूरा ने कहा कि विद्यार्थियों को नियमित कम से कम 10-15 मिनट योग व ध्यान अवश्य करना चाहिए व अपनी रूचि के अनुसार विषय का अध्ययन करना चाहिए।
कार्यक्रम का प्रारम्भ दीप प्रज्ज्वलन व पं. पुखराज शर्मा के निर्देशन में विरासत संवर्द्धन संस्थान की संगीत कक्षा के प्रशिक्षुओं द्वारा सरस्वती वन्दना से किया गया। परिषद् के मंत्री मनीष सेठिया ने आभार व्यक्त करते हुए परिषद् की गंगाशहर में सेवा, विकास व कल्याण कार्यों में जागरूकतापूर्वक निरन्तर गतिमान रहने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का सफल संचालन भैरूदान सेठिया ने किया।
समारोह के अन्त में गंगाशहर नागरिक परिषद के गंगाशहर इकाई के स्तम्भ व कर्मठ कार्यकर्ता सम्पतलाल दूगड़ के निधन पर मौन रख कर शोक व्यक्त किया गया। राष्टीय गान के सामूहिक संगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
आयोजन की व्यवस्थाओं में बच्छराज रांका, महेन्द्र चौपड़ा, मगनमल छाजेड़, नृसिंह भट्टड़, पानमल मारू आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर मेघराज बोथरा, सूरजाराम राजपुरोहित, कल्याण मल चोपड़ा, टोडरमल चोपड़ा, मांगीलाल चोपड़ा, सुनील सुराना आदि गणमान्य व्यक्ति व विद्यार्थियों के परिजन उपस्थित रहे।

Categories:
error: Content is protected !!