बीकानेर। किशोरियों और महिलाओं में महावारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मदर्स एल.एस. कर्मा फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘प्रोजेक्ट पवित्रा’ के तहत चौधरी चरण सिंह कन्या छात्रावास में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रावास की बालिकाओं और स्टाफ को स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा आत्म-जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला की अध्यक्षता फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. सुमन चौधरी ने की। इस दौरान प्रोजेक्ट ट्रेनर सरिता चौधरी ने किशोरावस्था और महिलाओं से संबंधित विभिन्न शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं, उनके कारणों और समाधान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने माहवारी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता और साफ-सफाई के महत्व पर जानकारी देते हुए समाज में प्रचलित भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया।
कार्यक्रम में योग और ध्यान को महिलाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताते हुए नियमित अभ्यास के लाभों पर भी चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बालिकाओं के प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर खुलकर संवाद करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. सुमन चौधरी ने कहा कि किशोरियों को सही समय पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे जागरूक होकर स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट पवित्रा के माध्यम से महिलाओं और किशोरियों को महावारी स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मविश्वास के प्रति जागरूक करने का सतत प्रयास किया जा रहा है।
कार्यशाला में चंद्रकला चौधरी, नीलम बेनीवाल, ज्योति चौधरी, सुनीता जाखड़ सहित फाउंडेशन के सदस्य, छात्रावास स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।














