बीकानेर।बीकानेर में आयोजित होने वाले आगामी राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर भाजपा बीकानेर शहर की अध्यक्ष सुमन छाजेड़ के नेतृत्व में भाजपा के एक शिष्टमंडल ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से शिष्टाचार मुलाकात कर विभिन्न व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की।
मीडिया संयोजक कमल गहलोत ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आतिथ्य में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को ऐतिहासिक, भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से शिष्टमंडल ने प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आयोजन की रूपरेखा, शहर के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।
शिष्टमंडल ने सर्वप्रथम जिला कलेक्टर निशांत जैन से मुलाकात कर समारोह की समग्र तैयारियों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इसके पश्चात बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) आयुक्त सिद्धार्थ पन्नूचामी से भेंट कर प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई एवं समारोह से जुड़े विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
इसके बाद एडीएम प्रशासन उमेद सिंह रतनू से कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, आगंतुकों एवं कार्यकर्ताओं की सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
शिष्टमंडल ने जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सेलजा पांडे से भी मुलाकात कर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’, भव्य तिरंगा यात्रा तथा प्रभात फेरी के सफल आयोजन को लेकर चर्चा की।
इस अवसर पर भाजपा शहर जिला महामंत्री श्याम सिंह हाडला, जिला उपाध्यक्ष अशोक प्रजापत, पूर्व यूआईटी चेयरमैन महावीर रांका, जिला उपाध्यक्ष सोहनलाल प्रजापत, श्याम चौधरी, मुकेश ओझा, रामकुमार गहलोत, ताराचंद गहलोत सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Categories: GENERAL NEWS





