ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी करिअर वैन : डॉ. विश्वनाथ मेघवाल

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर। निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा बीकाजी के सहयोग से संचालित निःशुल्क करिअर काउंसलिंग वैन मंगलवार को खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल के मुख्य आतिथ्य में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, वार्ड नं. 9, सुनारों का मोहल्ला, पूगल पहुंची।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि निःशुल्क करिअर काउंसलिंग वैन ग्रामीण क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी। विद्यार्थियों तक करिअर संबंधी सही जानकारी पहुंचाने की इस अभिनव पहल के लिए उन्होंने निर्विकल्प फाउंडेशन एवं बीकाजी को साधुवाद दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “जिद, जुनून और हौसलों के साथ किए गए कार्य में सफलता अवश्य मिलती है।” उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने तथा सही समय पर करिअर मार्गदर्शन प्राप्त करने की आवश्यकता पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

डॉ. मेघवाल ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों के सामने करिअर के अनेक विकल्प उपलब्ध हैं। ऐसे में अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता को पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ना अत्यंत आवश्यक है। करिअर काउंसलिंग विद्यार्थियों को इसी दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करती है।

इस अवसर पर निर्विकल्प फाउंडेशन की ओर से डॉ. विश्वनाथ मेघवाल का शॉल एवं विशेष स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के प्रधानाचार्य हिमांशु दाधीच ने स्वागत उद्बोधन दिया तथा करिअर काउंसलिंग वैन परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण विद्यार्थियों को उनके विद्यालय तक विशेषज्ञ करिअर मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना अत्यंत उपयोगी एवं सराहनीय पहल है।
इस अवसर पर नेशनल करिअर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को विषय चयन एवं उपयुक्त कोर्स के चयन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता एवं व्यक्तिगत स्किल्स को पहचानने के महत्व को समझाते हुए बताया कि सही समय पर अपनी क्षमताओं की पहचान कर उनका विकास करना करिअर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने करिअर काउंसलिंग की आवश्यकता एवं इसके लाभों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. श्रीमाली ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का जवाब दिया।

करिअर काउंसलर लोचन पारीक ने विद्यार्थियों को करिअर के विभिन्न आयामों तथा उपलब्ध अवसरों के बारे में बताया और कहा कि सही समय पर सही मार्गदर्शन विद्यार्थियों को अपने भविष्य के लिए बेहतर निर्णय लेने में मदद करता है।

इस अवसर पर पूगल थाना अधिकारी समरवीर सिंह और सामाजिक कार्यकर्त्ता सवाई सिंह तंवर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने मे उप-प्राचर्या अजमल राम और मांगलदान का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम के अंत में डिजिटल क्रिएटर केशव आचार्य ने सभी विद्यार्थियों को विशेष रूप से तैयार की गई ‘करिअर मार्गदर्शिका’ पुस्तिका का वितरण किया। विद्यार्थियों ने पुस्तिका में दी गई करिअर संबंधी जानकारी में उत्साहपूर्वक रुचि दिखाई। कार्यक्रम का संयोजन करते हुए मनन श्रीमाली ने परियोजना के उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने करिअर काउंसलिंग वैन का अवलोकन किया तथा भविष्य और करिअर से जुड़े सवालों के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न करिअर विकल्पों, विषय एवं पाठ्यक्रम चयन तथा भविष्य की संभावनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह एवं गंभीरता के साथ करिअर मार्गदर्शन सत्र में भाग लिया।

Categories:
error: Content is protected !!