बीकानेर। पंजाब पुलिस के डीजी विजिलेंस डॉ. जितेंद्र जैन (आईपीएस) ने बुधवार को बीकानेर स्थित अभय जैन ग्रंथालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रंथालय के निदेशक ऋषभ नाहटा से मुलाकात कर यहां संरक्षित दुर्लभ पांडुलिपियों एवं उनके डिजिटलीकरण कार्यों का अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान डॉ. जैन ने ग्रंथालय में सुरक्षित प्राचीन पांडुलिपियों, हस्तलिखित ग्रंथों तथा उनके संरक्षण की व्यवस्थाओं की सराहना की। निदेशक ऋषभ नाहटा ने उन्हें ग्रंथालय में संचालित संरक्षण एवं डिजिटलीकरण परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
ग्रंथालय की विजिटर बुक में अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. जितेंद्र जैन ने लिखा कि यहां पांडुलिपियों का संरक्षण अत्यंत उत्कृष्ट ढंग से किया गया है तथा डिजिटलीकरण का कार्य भी बेहतरीन तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने ग्रंथालय के समस्त स्टाफ की प्रशंसा करते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डॉ. जैन ने सुझाव दिया कि अभय जैन ग्रंथालय को संग्रहालय (म्यूजियम) के रूप में विकसित किया जाना चाहिए तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जाना चाहिए, ताकि इस क्षेत्र के प्रति आमजन, विशेषकर युवाओं की रुचि बढ़े और उन्हें भारतीय ज्ञान परंपरा एवं ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से जानने और समझने का अवसर मिल सके।







