राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय में शैक्षिक रक्तदान शिविर का आयोजन, दिवंगत विद्यार्थियों को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर। राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय, सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर में महाविद्यालय के दो पूर्व विद्यार्थियों स्वर्गीय इन्द्र एवं स्वर्गीय कुंभाराम की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर शैक्षिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दिवंगत विद्यार्थियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके पश्चात आयोजित रक्तदान शिविर में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस अवसर पर लगभग 150 विद्यार्थियों ने रक्तदान कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया तथा अपने दिवंगत साथियों को जीवनदायी श्रद्धांजलि अर्पित की। यह आयोजन विद्यार्थियों में सेवा, करुणा, समर्पण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे अनेक लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य प्रथम श्रीमती रेखा आचार्य तथा डॉ. घनश्याम जांगिड़ ने भी विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व से अवगत कराते हुए इसे समाज के प्रति एक श्रेष्ठ सेवा बताया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करेंगे तथा अपने दिवंगत साथियों की स्मृति को मानव सेवा के माध्यम से सदैव जीवित रखेंगे। महाविद्यालय परिवार ने इस आयोजन को दिवंगत विद्यार्थियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तथा समाज के प्रति अपनी सेवा-भावना की सार्थक अभिव्यक्ति बताया।

Categories:
error: Content is protected !!