ईसीबी-ईपीएल के दूसरे दिन रोमांच चरम पर, सुपर ओवर में थंडर सिक्सर्स ने मारी बाजी

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

तीन मुकाबलों में दिखा क्रिकेट का रोमांच, फीनिक्स स्ट्राइकर्स और डेजर्ट स्कॉर्चर्स ने भी दर्ज की शानदार जीत

इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर में आयोजित ईसीबी प्रीमियर लीग सीजन-1 के दूसरे दिन मंगलवार को क्रिकेट का रोमांच चरम पर रहा। दिन में खेले गए तीन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले का निर्णय सुपर ओवर से हुआ, जबकि दूसरे और तीसरे मुकाबले में फीनिक्स स्ट्राइकर्स एवं डेजर्ट स्कॉर्चर्स ने दमदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

दिन के पहले मुकाबले में डेजर्ट स्कॉर्चर्स और थंडर सिक्सर्स के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ। निर्धारित ओवरों के बाद दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने से मुकाबला टाई हो गया। इसके बाद परिणाम के लिए सुपर ओवर का सहारा लिया गया, जिसमें थंडर सिक्सर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 रन से मुकाबला अपने नाम किया। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अंकित ठाकुर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मुकाबले में फीनिक्स स्ट्राइकर्स और सुपरनोवा टाइटन्स आमने-सामने रहे। फीनिक्स स्ट्राइकर्स ने शुरुआत से ही बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी और सुपरनोवा टाइटन्स को पराजित किया। टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शुभम कुमावत को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

दिन के तीसरे मुकाबले में नाइट हॉक्स और डेजर्ट स्कॉर्चर्स के बीच मुकाबला हुआ। डेजर्ट स्कॉर्चर्स ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। नाइट हॉक्स की पूरी टीम महज 43 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। इसके बाद डेजर्ट स्कॉर्चर्स ने लक्ष्य को आसानी से हासिल करते हुए शानदार जीत दर्ज की और प्रतियोगिता में अपनी स्थिति मजबूत की।

खेल विभागाध्यक्ष एवं आयोजन संयोजक डॉ. नवीन शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता के प्रत्येक मुकाबले के साथ खिलाड़ियों का उत्साह और प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि ईसीबी-ईपीएल विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा के प्रदर्शन के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का बेहतरीन मंच प्रदान कर रहा है।

मुकाबलों के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में एमबीए विभागाध्यक्ष डॉ. अवधेश व्यास ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए तथा उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए खेल भावना और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।

मैचों के दौरान दर्शकों में डॉ. देवेन्द्र गहलोत, श्री मुमताज अली मीर, डॉ. विजय मोहन व्यास, श्री मनोज चौधरी, श्री मनीष व्यास, श्री विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में संकाय सदस्य, स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। दर्शकों ने रोमांचक मुकाबलों का जमकर आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

बुधवार को होंगे तीन मुकाबले

ईसीबी-ईपीएल के तीसरे दिन भी क्रिकेट प्रेमियों को तीन मुकाबलों का रोमांच देखने को मिलेगा। पहले मुकाबले में फीनिक्स स्ट्राइकर्स और मेलबर्न रेनेगेड्स आमने-सामने होंगे। दूसरे मुकाबले में नाइट हॉक्स और थंडर सिक्सर्स के बीच भिड़ंत होगी, जबकि दिन का तीसरा मुकाबला स्टाफ सदस्यों के बीच खेला जाएगा। आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों एवं दर्शकों में खासा उत्साह है।

Categories:
error: Content is protected !!