पायलट प्रोजेक्ट के रूप में 36 स्कूलों में होगा आयोजन
बीकानेर। जिले के 10 ब्लॉक क्षेत्रों के चयनित 36 राजकीय विद्यालयों में निःशुल्क करिअर काउंसलिंग वैन पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत शनिवार को हदां गांव के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल से हुई।
निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा बीकाजी के सहयोग से शुरू इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण करिअर मार्गदर्शन पहुँचाना है।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की 36 छात्राओं द्वारा विशेष रूप से तैयार की गई ‘करिअर मार्गदर्शिका’ पुस्तिका केसामूहिक विमोचन से हुई। कार्यक्रम का संयोजन करते हुए मनन श्रीमाली ने परियोजना के उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
नेशनल करिअर काउंसलर एवं प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने बताया कि इस पायलट प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध करिअर मार्गदर्शन पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों के सामने करिअर के अनेक विकल्प उपलब्ध हैं, ऐसे में सही जानकारी और उचित मार्गदर्शन बेहद आवश्यक है। यह परियोजना विद्यार्थियों को उनकी रुचि, क्षमता एवं योग्यता को समझते हुए सही करिअर विकल्प चुनने में मदद करेगी तथा उन्हें उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी भी उपलब्ध कराएगी।
इस अवसर पर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को विषय चयन एवं उपयुक्त कोर्स के चयन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता एवं व्यक्तिगत स्किल्स को पहचानने के महत्व को समझाते हुए बताया कि सही समय पर अपनी क्षमताओं की पहचान कर उनका विकास करना करिअर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने करिअर काउंसलिंग की आवश्यकता एवं इसके लाभों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. श्रीमाली ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का जवाब दिया।
करिअर काउंसलर लोचन पारीक ने विद्यार्थियों को करिअर के विभिन्न आयामों तथा उपलब्ध अवसरों के बारे में बताया और कहा कि सही समय पर सही मार्गदर्शन विद्यार्थियों को अपने भविष्य के लिए बेहतर निर्णय लेने में मदद करता है।
प्रधानाचार्य यशपाल पंवार ने सभी अतिथियों एवं टीम का स्वागत करते हुए परियोजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार की पहल अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने इस कार्य के लिए निर्विकल्प फाउंडेशन एवं बीकाजी को साधुवाद दिया।
इस दौरान जेठाराम, अजय सिंह एवं मीनाक्षी यादव का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में डिजिटल क्रिएटर केशव आचार्य ने सभी विद्यार्थियों को विशेष रूप से तैयार की गई ‘करिअर मार्गदर्शिका’ पुस्तिका का वितरण किया। विद्यार्थियों ने पुस्तिका में दी गई करिअर संबंधी जानकारी में उत्साहपूर्वक रुचि दिखाई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने करिअर काउंसलिंग वैन का अवलोकन किया तथा भविष्य और करिअर से जुड़े सवालों के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया।








