बेसिक पीजी कॉलेज में पहुंची निःशुल्क करियर काउंसलिंग वैन, विद्यार्थियों को मिला विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर, 18 जून।निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा बीकाजी के सहयोग से संचालित निःशुल्क करियर काउंसलिंग वैन गुरुवार को नया शहर स्थित बेसिक पीजी कॉलेज पहुंची, जहां विद्यार्थियों के लिए विशेष करियर मार्गदर्शन एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में करियर काउंसलर लोचन पारीक, सीएस बीकानेर ब्रांच चेयरमैन खुशबू कोठारी, स्किल एक्सपर्ट डॉ. अमित व्यास तथा प्रोजेक्ट समन्वयक मनन श्रीमाली ने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास, प्रोफेशनल कोर्सेज एवं वर्तमान समय में रोजगार के बदलते अवसरों के बारे में जानकारी दी।

विशेषज्ञों ने बताया कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है। इसके साथ व्यवहारिक कौशल, संचार क्षमता, तकनीकी दक्षता एवं सही करियर योजना भी सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता एवं लक्ष्य के अनुरूप करियर का चयन करने तथा समय-समय पर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपने करियर, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार संबंधी अनेक प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से व्यक्तिगत परामर्श प्राप्त किया।

प्रोजेक्ट समन्वयक मनन श्रीमाली ने बताया कि निर्विकल्प फाउंडेशन की यह निःशुल्क करियर काउंसलिंग वैन बीकाजी के सहयोग से युवाओं तक गुणवत्तापूर्ण करियर मार्गदर्शन पहुंचाने की एक अभिनव पहल है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सही समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें अपने भविष्य के प्रति जागरूक बनाना तथा बेहतर करियर चयन में सहायता प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि आगामी समय में यह वैन जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में भी पहुंचकर विद्यार्थियों को निःशुल्क मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगी।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर बेसिक पीजी कॉलेज की ओर से रोशनी शर्मा, वासुदेव पंवार एवं सीमा शर्मा ने निर्विकल्प फाउंडेशन की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए संस्था का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने करियर काउंसलिंग वैन की इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे युवा पीढ़ी के भविष्य निर्माण की दिशा में एक प्रभावी और प्रेरणादायी प्रयास बताया।

Categories:
error: Content is protected !!