छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहिए : सीआई सुमन शेखावत

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

देशनोक। छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहिए तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत एवं सकारात्मक सोच के साथ प्रयास करते रहना चाहिए। यह बात देशनोक थाना अधिकारी सीआई सुमन शेखावत ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, वार्ड नं. 03, देशनोक में निर्विकल्प फाउंडेशन एवं बीकाजी के सहयोग से संचालित निःशुल्क करिअर काउंसलिंग वैन के पहुंचने पर कही।

सीआई सुमन शेखावत ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज बेटियों के सामने शिक्षा और करिअर के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। छात्राओं को अपनी क्षमताओं को पहचानते हुए आत्मविश्वास के साथ निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने से सफलता प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य संतोष बाछल ने निःशुल्क करिअर काउंसलिंग वैन प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं के करिअर मार्गदर्शन में यह परियोजना विशेष महत्व रखेगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उनके विद्यालय में ही करिअर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन मिलना एक उपयोगी एवं सराहनीय पहल है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में उप प्राचार्य शिव नारायण गोयल ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर उप प्राचार्य प्रीति, व्याख्याता सुभाष पंवार एवं सामाजिक कार्यकर्ता हीरा ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में निर्विकल्प फाउंडेशन के प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को करिअर काउंसलिंग की आवश्यकता एवं इसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करिअर चयन एक महत्वपूर्ण निर्णय है, जिसमें विद्यार्थी की रुचि, क्षमता, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखना आवश्यक है। उन्होंने करिअर काउंसलिंग की चरणबद्ध प्रक्रिया के बारे में भी विद्यार्थियों को विस्तार से समझाया।

वहीं काउंसलर लोचन पारीक ने निःशुल्क करिअर काउंसलिंग वैन प्रोजेक्ट के उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न करिअर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा, पाठ्यक्रमों एवं रोजगार के अवसरों के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया।

करिअर काउंसलिंग वैन के विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। छात्राओं ने विभिन्न करिअर विकल्पों से संबंधित जानकारी प्राप्त की और विशेषज्ञों से अपने भविष्य को लेकर प्रश्न भी किए।

कार्यक्रम का संचालन मनन श्रीमाली ने किया। विद्यालय परिवार एवं उपस्थित अतिथियों ने निर्विकल्प फाउंडेशन एवं बीकाजी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक करिअर मार्गदर्शन पहुंचाने की यह पहल उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।

Categories:
error: Content is protected !!