एनआरसीसी में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare



बीकानेर, 21 जून 2026 । भाकृअनुप-राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र (एनआरसीसी), बीकानेर एवं बीकानेर रन क्लब (बीआरसी) के संयुक्त तत्वावधान में केन्द्र के कृषि वानिकी परिक्षेत्र में 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर केन्द्र के कार्मिकों, उनके परिजनों तथा बीआरसी के सदस्यों सहित लगभग 300 प्रतिभागियों ने योगाभ्यास में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, अर्द्धचक्रासन, त्रिकोणासन, उष्ट्रासन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन, वज्रासन, शवासन तथा कपालभाति, भ्रामरी, शीतली एवं अनुलोम-विलोम प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं केन्द्र के निदेशक डॉ. अनिल कुमार पूनिया ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस वर्ष की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग (स्वस्थ एवं सक्रिय दीर्घायु जीवन के लिए योग)” है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को अनुशासित जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है तथा शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति, सकारात्मकता एवं कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर योग गुरु सुश्री स्नेहा नारंग, राज्य कार्यकारिणी सदस्य, पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन एवं प्रकृति के मध्य संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। साथ ही योगाभ्यास के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की भी विस्तृत जानकारी दी।
बीकानेर रन क्लब के संस्थापक श्री ईशान शर्मा ने कहा कि नियमित योग एवं शारीरिक गतिविधियाँ स्वस्थ जीवनशैली की आधारशिला हैं। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया।
आयोजन सचिव श्री दिनेश मुंजाल एवं डॉ. बी. श्रीशैलम ने बताया कि योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रातःकाल ‘रन फॉर कैमल’ तथा इसके पश्चात ‘योगा विद कैमल’ जैसे विशेष आकर्षक सत्र आयोजित किए गए, जिन्होंने प्रतिभागियों को योग, प्रकृति एवं ऊँट धरोहर से जोड़ने का अनूठा अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सह-आयोजन सचिव डॉ. राजेन्द्र कुमार, डॉ. मितुल बुंबडिया एवं डॉ. एंटोनी जॉनसन तथा समन्वयकों श्री एम.के. राव, श्री नेमीचंद बारासा, श्री मनजीत सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई। शौर्य एवं प्रगति ने योग क्रियाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस अवसर पर डॉ. मोनिका पूनिया, सुश्री निशा थिरानी, श्री गौरव मूंधडा़, श्री सुनील बिश्‍नोई आदि गणमान्‍य जनों ने भी शिरकत की। प्रतिभागियों को भारत सरकार के ‘खेत बचाओ अभियान’ से भी जोड़ा गया तथा वैज्ञानिकों ने प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु प्रेरित किया।

Categories:
error: Content is protected !!