योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर, 21 जून। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के खेलकूद एवं योग विभाग द्वारा मेजर ध्यानचंद इंडोर स्टेडियम में 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर अतिरिक्त कुलसचिव डॉ. बिट्ठल बिस्सा, डॉ. धर्मेश हरवानी, वरिष्ठ निजी सहायक कमलकांत शर्मा, विश्वविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के शिक्षकगण, अतिथि शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।

योग प्रोटोकॉल का संचालन योग विभाग की अतिथि शिक्षिका प्रियंका रघुवंशी तथा छात्राओं प्रियंका एवं वर्षा अरोड़ा ने किया। योगाभ्यास का प्रदर्शन डॉ. हितेंद्र मारू, सपना बेरवाल, सिमरन शर्मा एवं नवरतन स्वामी के निर्देशन में कराया गया।

इस अवसर पर कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित संदेश दिया कि “योग केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि स्वस्थ, जागरूक और संतुलित जीवन जीने की कला है। स्वस्थ भारत और विकसित भारत के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।”

अतिरिक्त कुलसचिव डॉ. बिट्ठल बिस्सा ने कहा कि योग स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है। वर्तमान समय में योग की उपयोगिता और भी बढ़ गई है तथा इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करना आवश्यक है।

अंत में डॉ. धर्मेश हरवानी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का समापन नियमित योगाभ्यास एवं योग जागरूकता के संकल्प के साथ हुआ। विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को सफल, प्रेरणादायक एवं स्मरणीय बना दिया।

Categories:
error: Content is protected !!