अधिक मास में कथा वाचन के माध्यम से राष्ट्रीय चेतना का संदेश, कैलाश मानसरोवर मुक्ति का किया आह्वान…

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर। भारत तिब्बत सहयोग मंच के जिला मंत्री किशन लाल व्यास “पंडित भाई श्री” द्वारा अधिक मास के दौरान बीकानेर संभाग के विभिन्न स्थानों पर शिव पुराण, विष्णु पुराण एवं श्रीमद्भागवत पुराण कथा का वाचन किया गया। कथा वाचन के दौरान उन्होंने मंच के राष्ट्रीय महामंत्री राजेंद्र कामदार के निर्देशानुसार कैलाश मानसरोवर मुक्ति अभियान, तिब्बत की आजादी तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर उपस्थित जनसमूह को जागरूक किया।

बीकानेर में आयोजित कथा के अंतिम चरण में पंडित भाई श्री ने कैलाश मानसरोवर की मुक्ति, तिब्बत की स्वतंत्रता एवं भारत की सुरक्षा पर विचार व्यक्त करते हुए चीनी वस्तुओं के बहिष्कार और आत्मनिर्भर भारत के समर्थन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना पर आधारित है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है।

इस अवसर पर मंच की राष्ट्रीय पदाधिकारी सुधा आचार्य ने शंखनाद कर तवांग तीर्थ यात्रा की जानकारी दी तथा कैलाश मानसरोवर मुक्ति हेतु चलाए जा रहे जनजागरण अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया। उन्होंने भारत सरकार से राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी आग्रह किया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने परम पावन को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न प्रदान किए जाने का समर्थन व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सपना तंवर, मीनाक्षी तंवर, रामप्यारी, चंद्रकला पुरी, संतोष, यशपाल आचार्य, प्रेम रतन, नरपत सिंह, तरुण व्यास, रमन सांखला, नवीन आचार्य, मनोज, भानु, सुरेश सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सहयोग दिया।

Categories:
error: Content is protected !!