बीकानेर ।स्पर्श वॉलिंटियर चंद्रप्रभा राजपुरोहित एवं सोनू राजपुरोहित ने विभिन्न विद्यालयों में बच्चों को किया जागरूक
नापासर। सुरक्षित बचपन के संकल्प को साकार करने की दिशा में स्पर्श सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत 8 अगस्त 2026 को स्पर्श वॉलिंटियर चंद्रप्रभा राजपुरोहित एवं सोनू राजपुरोहित द्वारा नापासर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बच्चों को Good Touch – Bad Touch, व्यक्तिगत सुरक्षा, अनुचित स्पर्श की पहचान, साहसपूर्वक “ना” कहना, भरोसेमंद वयस्क को तुरंत बताना तथा स्वयं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सरल एवं प्रभावी तरीके से जानकारी दी गई।
इस जागरूकता अभियान में प्रमुख रूप से श्री महेश्वरी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गीता देवी बांगड़ी राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय, केशव विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजकीय उच्च माध्यमिक बालक विद्यालय, नापासर तथा महात्मा गांधी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
सत्र के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सुरक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे और सही-गलत स्पर्श की पहचान, सुरक्षित व्यवहार तथा आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले कदमों की जानकारी प्राप्त की। स्पर्श अभियान का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाना रहा।
विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का आग्रह किया। उनका कहना था कि इस प्रकार के अभियान बच्चों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
स्पर्श सुरक्षित बचपन अभियान का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सजग और आत्मविश्वासी बनाना है, ताकि वे किसी भी अनुचित परिस्थिति में स्वयं की सुरक्षा कर सकें और समय रहते सहायता प्राप्त कर सकें।

Categories: GENERAL NEWS





