निजी क्षेत्र के सहयोग को सराहा
बीकानेर। प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट के यशस्वी कार्यकाल के पूर्ण होने और सेवानिवृत्ति के अवसर पर प्राइवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोस्पेरिटी एलायंस (पैपा), राजस्थान की ओर से उनका भावभीना अभिनंदन किया गया।
पैपा के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल के नेतृत्व में अशोक उपाध्याय, हरविंद्र सिंह कपूर, रमेश बालेचा, डॉ. अभय सिंह टाक और लोकेश कुमार मोदी ने शिक्षा निदेशालय पहुंचकर श्री जाट को शाल, साफा, माला तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उत्कृष्ट एवं सेवाभावी कार्यकाल के प्रति आभार व्यक्त किया।
निजी स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के बड़े सहयोगी – सीताराम जाट
अपने अभिनंदन से अभिभूत होकर शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने कहा कि प्रदेश की निजी शिक्षण संस्थाएं शिक्षा के प्रसार में सरकार की बहुत मजबूत सहयोगी हैं। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने हमेशा इन संस्थाओं के कल्याण और उनके सुचारू संचालन के लिए सतत रूप से सार्थक एवं सकारात्मक प्रयास किए हैं। पैपा के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने इस अवसर पर कहा कि सीताराम जाट ने अपने कार्यकाल के दौरान हमेशा गरिमा और मान-सम्मान के साथ पैपा पदाधिकारियों और विद्यालय संचालकों की बात सुनी। उन्होंने शिक्षा विभाग और निजी स्कूलों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए समस्याओं के सार्थक और त्वरित समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए, जिन्हें हमेशा याद रखा जाएगा।








