आरटीयू के विद्यार्थी अंतरराष्ट्रीय अवसरों से होंगे लाभान्वित : प्रो. निमित चौधरी, कुलगुरु
कोटा, 15 जुलाई 2026, राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (आरटीयू), कोटा ने अपने विद्यार्थियों को वैश्विक शिक्षा एवं अंतरराष्ट्रीय अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी की उपस्थिति में आईस्टेप (इंटरनेशनल स्किल ट्रेनिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी प्रोग्राम) के साथ विद्यार्थियों के कौशल विकास, रोजगारपरक प्रशिक्षण तथा वैश्विक रोजगार अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। सह जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ नें बाताया कि इस अवसर पर आईस्टेप की ओर से निदेशक निखिल मल्होत्रा एवं सह उपाध्यक्ष सुश्री रूबी सौराखिया तथा विश्वविद्यालय की ओर से संस्थान-उद्योग समन्वयन अधिष्ठाता ने एमओयू का आदान-प्रदान किया। एमओयू के अंतर्गत दोनों संस्थान संयुक्त रूप से विभिन्न स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम, कार्यशालाओं, सेमिनार, प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम, करियर काउंसलिंग, इंटर्नशिप, प्लेसमेंट सहायता एवं उद्योग–शैक्षणिक सहयोग से संबंधित गतिविधियों का संचालन करेंगे। साथ ही विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रोजगार अवसरों के लिए आवश्यक क्षमता से लैस करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने कहा कि इस एमओयू के अंतर्गत राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय तथा इसके सभी संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को आईस्टेप के डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से विश्व की प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के प्रख्यात शिक्षाविदों द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय मास्टर क्लास एवं विशेषज्ञ व्याख्यानों का लाभ प्राप्त होगा। इनमें यूनिवर्सिटी ऑफ मेलबर्न, यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू साउथ वेल्स, यूनिवर्सिटी ऑफ बर्मिंघम, डीकिन यूनिवर्सिटी तथा स्विनबर्न यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी सहित अनेक अग्रणी संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल होंगे।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता, वैश्विक दृष्टिकोण तथा रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। यह साझेदारी राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों को वैश्विक शिक्षण वातावरण, विद्यार्थियों को उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण, अंतरराष्ट्रीय स्तर के कौशल विकास कार्यक्रम, व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, डिजिटल दक्षता तथा रोजगार उन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराने एवं आधुनिक ज्ञान एवं अंतरराष्ट्रीय अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी। इस एमओयू के माध्यम से दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों ने पारस्परिक सहयोग को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता को व्यक्त किया।













