रोटरी रॉयल्स ने बनाई ‘रॉयल्स लाइफ म्यूजिकल क्लब’, गीत-संगीत के साथ शुरू हुआ नया सत्र

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare


फेलोशिप को नई ऊंचाई देगा रॉयल्स लाइफ म्यूजिकल क्लब, पहली संध्या में छाया संगीत का रंग
फेलोशिप को नई पहचान देगा ‘रॉयल्स लाइफ म्यूजिकल क्लब’, जल्द बनेगा स्पोर्ट्स क्लब भी

बीकानेर। रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स ने रोटरी वर्ष 2026-27 का आगाज सेवा गतिविधियों के साथ-साथ फेलोशिप को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ किया। सहायक प्रांतपाल रोटे. आनंद आचार्य की प्रेरणा एवं क्लब अध्यक्ष रोटे. विपिन लड्ढा के नेतृत्व में सत्र के पहले ही दिन ‘रॉयल्स लाइफ म्यूजिकल क्लब’ के गठन की घोषणा की गई। क्लब का उद्देश्य प्रत्येक माह की अंतिम बैठक को सदस्यों के जन्मदिवस, आपसी मेलजोल और गीत-संगीत के माध्यम से यादगार बनाना है।

म्यूजिकल क्लब की पहली संध्या उत्साह, संगीत और सौहार्द का अनूठा संगम बन गई। प्रसिद्ध गायक रोटे. राजेश पारीक ने ‘आने वाला पल जाने वाला है’ गीत प्रस्तुत कर माहौल को संगीतमय बना दिया, वहीं डॉ. पुनीत खत्री और डॉ. प्रवीण चतुर्वेदी ने ‘यम्मा यम्मा’ गीत पर उपस्थित सदस्यों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम में डूंगर महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. शिशिर शर्मा, पशु चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी रोटे. राजेश धूड़िया एवं दंत चिकित्सक डॉ. मनोज संवाल ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। रोटे. सचिन शर्मा, डॉ. संदीप खरे, डॉ. अरुण पुरोहित सहित अनेक सदस्यों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन कर खूब सराहना बटोरी।

क्लब के चार्टर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ रोटेरियन डॉ. मनोज कुड़ी ने इस पहल को मनोरंजक एवं फेलोशिप को सुदृढ़ करने वाला अभिनव प्रयास बताया। क्लब सचिव रोटे. जगदीप सिंह ओबेरॉय ने कहा कि युवा जोश और वरिष्ठ अनुभव का एक मंच पर इस प्रकार समागम होना रोटरी रॉयल्स की विशिष्ट पहचान है।

क्लब के पूर्व सहप्रांतपाल रोटे. राजेश बावेजा ने बताया कि रॉयल्स लाइफ म्यूजिकल क्लब के लिए आवश्यक संगीत एवं तकनीकी संसाधन भी जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये संसाधन केवल क्लब सदस्यों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि भविष्य में इसे विस्तारित करते हुए युवाओं के लिए संगीत प्रशिक्षण, मंचीय प्रस्तुतियों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी उपयोग में लाया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर संगीत प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा तथा संगीत कला के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर अध्यक्ष रोटे. विपिन लड्ढा ने घोषणा की कि युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और सदस्यों के बीच आपसी जुड़ाव को मजबूत करने के लिए शीघ्र ही ‘रॉयल्स स्पोर्ट्स क्लब’ का भी गठन किया जाएगा, जिसके माध्यम से माह में एक बार पूरा रॉयल्स परिवार खेल गतिविधियों में भाग ले सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान चार्टर अध्यक्ष डॉ. मनोज कुड़ी सहित सभी पूर्व अध्यक्षों ने गत वर्ष के अध्यक्ष रोटे. सुनील चमड़िया को उनके कार्यकाल की उपलब्धियों के लिए अनुशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके बाद सदस्यों ने रोटे. शिव वर्मा के ‘दर्शना डाइनिंग’ के व्यंजनों और रोटे. श्रवण सैनी के ‘श्री बालाजी स्वीट्स’ की मिठाइयों का आनंद लिया।

रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स का संदेश स्पष्ट है कि सेवा के साथ-साथ फेलोशिप, संस्कृति, संगीत और खेल गतिविधियों के माध्यम से सदस्यों के बीच आत्मीयता और सामाजिक सरोकारों को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।

Categories:
error: Content is protected !!