- 15 सड़क कार्यों से 40.15 किलोमीटर ग्रामीण सड़क नेटवर्क होगा सुदृढ़ – विधायक भाटी !!
बीकानेर, 6 अगस्त। कोलायत विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में सड़क संपर्क को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि प्राप्त हुई है। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा 8 मिसिंग लिंक एवं 7 नॉन-पेचेबल (सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण) सड़क कार्यों सहित कुल 15 विकास कार्यों के लिए ₹11.92 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। इन परियोजनाओं के तहत 40.15 किलोमीटर सड़कों का निर्माण, सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा।
कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने बताया कि मिसिंग लिंक योजना के अंतर्गत 4 एमएम फांटा से भलूरी, दण्डखुर्द से सवाईवाला, तनियावाली से बरसलपुर, गुलामवाला फांटा से जागनवाला, पैंथडो की ढाणी से नोखड़ा, मानकासर–बरसलपुर ब्रांच से 62 आरडी तक (बाया चारणों की आबादी, 14 डीओएलडी), राईंका नाथ जी का धुणा की ढाणी से ग्रांधी की तरफ़ तथा नांदडा से धरणोक फांटा सड़क के निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिली है। इन आठ परियोजनाओं पर 16.25 किलोमीटर सड़क निर्माण हेतु लगभग ₹5.51 करोड़ व्यय किए जाएंगे।
इसी प्रकार नॉन-पेचेबल (सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण) योजना के अंतर्गत दियातरा–भाणे का गांव सड़क, टोकला–खारिया मालीनाथ (एमडीआर-371), तंवरवाला–करणीसर, 1000 आरडी से पाबूसर पश्चिम सड़क, रणजीतपुरा–गजजेवाला (एमडीआर-363), भूरासर डिस्ट्रीब्यूटरी सड़क तथा मानकासर से भलूरी फांटा सड़क के नवीनीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन सात परियोजनाओं पर 23.90 किलोमीटर सड़क सुधार कार्यों के लिए ₹6.41 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है।
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी, किसानों को अपनी उपज के परिवहन में सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों एवं आमजन का आवागमन सुगम होगा तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है और कोलायत विधानसभा में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
श्री भाटी ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं माननीय उपमुख्यमंत्री तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री श्रीमती दिया कुमारी का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के संवेदनशील नेतृत्व में कोलायत विधानसभा निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी समय में भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए इसी प्रकार जनहितकारी योजनाओं की स्वीकृतियां मिलती रहेंगी।







