तेरापंथ महिला मंडल बीकानेर आयोजित करेगा दो दिवसीय भव्य ‘श्री उत्सव’

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को मिलेगा नया मंच

बीकानेर, 7 जून। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में तेरापंथ महिला मंडल, बीकानेर द्वारा आगामी 17 एवं 18 जून को आशीर्वाद भवन में दो दिवसीय भव्य ‘श्री उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार की शुरुआत करते हुए तेरापंथ महिला मंडल की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर में जिला कलेक्टर निशांत जैन से उत्सव के पोस्टर का विमोचन करवाया।

मंडल की पदाधिकारियों ने बताया कि ‘श्री उत्सव’ का मुख्य उद्देश्य “समृद्ध राष्ट्रीय योजना” को गति प्रदान करना तथा महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त मंच उपलब्ध करवाना है। उत्सव के माध्यम से उन महिलाओं को विशेष अवसर दिया जाएगा जो घर से ही लघु एवं गृह उद्योग संचालित कर रही हैं तथा अपने हुनर और उत्पादों के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही हैं।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम महिलाओं की उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनके उत्पादों और सेवाओं को व्यापक पहचान दिलाने का माध्यम बनेगा। इससे महिलाओं को अपने व्यवसाय का विस्तार करने, नए ग्राहकों तक पहुंच बनाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर प्राप्त होगा।

मंडल की ओर से कहा गया कि ‘श्री उत्सव’ केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिला उद्यमी अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी तथा अपने अनुभव भी साझा करेंगी।

इस अवसर पर तेरापंथ महिला मंडल की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं एवं आमजन से इस आयोजन में सहभागिता निभाने और महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

Categories:
error: Content is protected !!