भारत विकास परिषद ‘मीरा शाखा’ के 5 दिवसीय योग शिविर का उत्साहपूर्ण समापन

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद ‘मीरा शाखा’ द्वारा जय नारायण व्यास कॉलोनी स्थित महाराणा प्रताप पार्क में आयोजित पांच दिवसीय योग शिविर का रविवार को राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ के साथ गरिमामय समापन हुआ। 17 से 21 जून तक चले इस शिविर में क्षेत्र के नागरिकों और शाखा सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समापन समारोह की शुरुआत मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुई। शिविर के दौरान योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी। पहले चार दिनों में योग गुरु गुरुदेव डांग ने योग एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया, जबकि अंतिम दिन योग प्रशिक्षक आकांक्षा माथुर ने स्वास्थ्यवर्धक विशेष आसनों का प्रशिक्षण दिया।

योग के साथ-साथ शाखा ने पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता को भी अभियान का हिस्सा बनाया। इस दौरान 25 अशोक के पौधे लगाए गए, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए कपड़े के थैले वितरित किए गए तथा प्राकृतिक स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रतिभागियों को जामुन वितरित किए गए।

शिविर के समापन पर सभी प्रतिभागियों को अंकुरित मूंग और छाछ का पौष्टिक जलपान कराया गया। कार्यक्रम में शशि चुग, डॉ. दीप्ति वाहल, ऋतु मित्तल, हेमा सिंह दाधीच, सीमा शर्मा, छवि गुप्ता, यशी शर्मा, मंजूषा भास्कर, रतन गुप्ता, रेनू जोशी, नीरू गुप्ता, कल्पना खंडेलवाल सहित शाखा की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक समग्र जीवनशैली है। भारत विकास परिषद ‘मीरा शाखा’ का यह आयोजन स्वास्थ्य संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर प्रतिभागियों को नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान कर गया।

Categories:
error: Content is protected !!