समाजशास्त्र विभाग द्वारा नवप्रवेशित छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare


बीकानेर, 28 जुलाई 2026।
राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय, बीकानेर के समाजशास्त्र विभाग द्वारा मंगलवार को सुदर्शन सभागार में बी.ए. प्रथम सेमेस्टर (समाजशास्त्र) की नवप्रवेशित छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को समाजशास्त्र विषय की प्रकृति, पाठ्यक्रम, महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था तथा विभागीय गतिविधियों से परिचित कराना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रजनी रमण झा ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय जीवन व्यक्तित्व निर्माण, ज्ञानार्जन और सामाजिक उत्तरदायित्व को समझने का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने छात्राओं को अनुशासन, नियमित अध्ययन, समयपालन तथा सकारात्मक सोच के साथ उच्च शिक्षा के अवसरों का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समाजशास्त्र विषय की समकालीन प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं से समाज और सामाजिक परिवर्तनों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने का आह्वान किया। डॉ. झा ने संकाय सदस्यों को समाजशास्त्र विषय को नवीन प्रकार से पढ़ाने हेतु प्रेरित किया जो विद्यार्थियों में विषय के प्रति गहरी रुचि और समझ विकसित करने का कार्य करें।

कार्यक्रम में समाजशास्त्र विभाग के संकाय सदस्यों सुरेन्द्र कुमार जांदू, कादम्बरी व्यास, स्नेहलता चौधरी, जितेन्द्र तथा डाली ने छात्राओं को संबोधित करते हुए समाजशास्त्र विषय का परिचय एवं महत्त्व, बी.ए. प्रथम सेमेस्टर के पाठ्यक्रम एवं परीक्षा प्रणाली, विभागीय नियम एवं अनुशासन, नियमित उपस्थिति की अनिवार्यता तथा न्यूनतम उपस्थिति संबंधी नियमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

संकाय सदस्यों ने छात्राओं को असाइनमेंट, आंतरिक मूल्यांकन, प्रायोगिक एवं प्रोजेक्ट कार्यों तथा उनकी समय-सीमा के संबंध में भी अवगत कराया। साथ ही पुस्तकालय की सुविधाओं, विभागीय गतिविधियों, संगोष्ठियों, कार्यशालाओं एवं विभिन्न सह-शैक्षणिक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उनकी विभिन्न शंकाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं को क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से समाजशास्त्र विषय की हमारे जीवन में उपयोगिता के बारे में जानकारी प्रदान की गई।

समाजशास्त्र विभाग ने सभी नवप्रवेशित छात्राओं से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहकर विभागीय एवं शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर कार्यक्रम का लाभ उठाया।

Categories:
error: Content is protected !!