जुलाई के अंतिम सप्ताह में होगा ‘हुनर’ सम्मान समारोह, किशोर कुमार की स्मृति में सजेगी सुरों की महफिल

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare


बीकानेर। मुरली संगीत कला केंद्र की ओर से महान पार्श्व गायक किशोर कुमार की पावन स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला बहुप्रतीक्षित संगीत एवं प्रतिभा सम्मान समारोह ‘हुनर’ इस वर्ष भी जुलाई के अंतिम सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तिथि की घोषणा शीघ्र की जाएगी। समारोह में संगीत, कला और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच भी उपलब्ध कराया जाएगा।
संस्था के अध्यक्ष शैलेंद्र चौहान, संयोजक रवि चौहान तथा वरिष्ठ सहयोगी डॉ. रेशमा वर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज की नई और उभरती हुई प्रतिभाओं को पहचान दिलाना तथा उन्हें मुख्यधारा से जोड़कर प्रोत्साहित करना है। संस्था का प्रयास है कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके उत्साह को बढ़ाया जाए।
समारोह के दौरान संगीत (गायन एवं वादन), चित्रकला, हस्तकला, मेहंदी, सिलाई, ब्यूटिशियन तथा पाक कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला एवं पुरुष प्रतिभाओं को विशेष प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘किशोर कुमार नाइट’ होगा, जिसमें स्थानीय एवं आमंत्रित कलाकार महान गायक किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की संगीतमय प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही विभिन्न कला विधाओं से जुड़े कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाएंगे।
आयोजन समिति के अनुसार समारोह में क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित हस्तियां विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। इनमें मीना आसोपा, सुनील बंठिया, अरुण अग्रवाल, पूनम मोदी, इकरामुदिन कोहरी, राधाकिशन सोनी, डॉ. रेशमा वर्मा, डॉ. नीलम भार्गव, ममता सिंह, सुनीता जुनेजा, पिंकी शर्मा, मंजु गोस्वामी, यामिनी सोनी और माधुरी शर्मा शामिल रहेंगी।

Categories:
error: Content is protected !!