खेलो बीकानेर यूथ गेम्स 3.0 को लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह, 25 जून तक होंगे पंजीकरण

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर, 20 जून। मरुस्थलीय क्षेत्र के सबसे बड़े खेल महोत्सव “खेलेगा बीकानेर – बढ़ेगा बीकानेर” खेलो बीकानेर यूथ गेम्स 3.0 – 2026 को लेकर खिलाड़ियों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। जिलेभर के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से हजारों खिलाड़ी लगातार अपना पंजीकरण करवा रहे हैं। आयोजन समिति के अनुसार अब तक प्राप्त आवेदनों को देखते हुए इस बार प्रतिभागियों की संख्या पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ सकती है।

कार्यक्रम संयोजक रविंद्र हर्ष ने बताया कि खेलो बीकानेर यूथ गेम्स के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 25 जून 2026 निर्धारित की गई है। अभी तक प्राप्त आवेदनों के आधार पर यह स्पष्ट है कि बीकानेर सहित आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों में इस आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें।

आयोजन के सहसंयोजक अनिल जोशी ने बताया कि इस वर्ष खेलो बीकानेर यूथ गेम्स में 18 विभिन्न खेलों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए हजारों खिलाड़ी अपना नाम दर्ज करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजीकरण की अंतिम तिथि में अभी भी पांच दिन शेष हैं, इसलिए खिलाड़ियों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

जोशी ने बताया कि यह भव्य खेल महोत्सव 13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक बीकानेर के विभिन्न खेल मैदानों एवं खेल परिसरों में आयोजित किया जाएगा। पांच दिनों तक चलने वाले इस खेल आयोजन में खिलाड़ी अपने-अपने खेलों में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर पदक जीतने के लिए पूरी तैयारी के साथ जुटे हुए हैं।

आयोजन समिति सदस्य ज्योति प्रकाश रंगा ने बताया कि खेलो बीकानेर यूथ गेम्स की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। सभी खेलों के सफल संचालन के लिए अलग-अलग खेल प्रशिक्षकों एवं विशेषज्ञों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं तथा विभिन्न समितियों का गठन कर कार्यों का विभाजन किया गया है। आयोजन के सुचारू संचालन के लिए अनुभवी खेल प्रेमियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी समिति में शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि आयोजन समिति में अविनाश मोदी, दीपक अग्रवाल, देवकिशन चांडक, विनोद बाफना, रामरतन धारणिया एवं मधु खत्री सहित कई वरिष्ठ सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन की डायरेक्टर पूजा आचार्य ने बताया कि प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए विभिन्न खेलों के प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इनमें भुवनेश पुरोहित, आशीष ओझा, अनिल कुमावत, हर्षित स्वामी, राहुल खत्री, प्रीतम सेन, दीपांशु व्यास एवं विनय बिस्सा को अलग-अलग खेलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आचार्य ने बताया कि खेलो बीकानेर यूथ गेम्स अब केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों से जोड़ने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का एक बड़ा अभियान बन चुका है। पिछले दो संस्करणों में हजारों खिलाड़ियों ने इस मंच के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और कई खिलाड़ियों ने जिला एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं तक अपनी पहचान बनाई।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष का आयोजन पहले से कहीं अधिक भव्य और व्यापक होगा, जिसमें 2500 से अधिक खिलाड़ियों, 500 से अधिक ऑफिशियल्स एवं वालंटियर्स के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति का लक्ष्य बीकानेर को खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाना है।

“खेलेगा बीकानेर – बढ़ेगा बीकानेर” की भावना के साथ आयोजित होने वाला यह महोत्सव बीकानेर के खेल इतिहास में एक नया अध्याय लिखने की ओर अग्रसर है और खिलाड़ियों के उत्साह को देखते हुए इस बार आयोजन के ऐतिहासिक बनने की पूरी संभावना है।

Categories:
error: Content is protected !!