बीकानेर, 10 अगस्त, 2026। बार एसोसिएशन, बीकानेर द्वारा राजस्थान सहायक अभियोजन अधिकारी (।ण्च्ण्व्ण्) प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए आयोजित निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं का शुभारंभ आज बार एसोसिएशन, बीकानेर के अध्यक्ष एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित व एडवोकेट धनराज सोनी द्वारा किया गया।
यह पहली बार है जब बार एसोसिएशन, बीकानेर द्वारा न्यायालय परिसर में ही प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे विधि विद्यार्थियों एवं अभ्यर्थियों के लिए इस प्रकार की निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य अभ्यर्थियों को अनुभवी अधिवक्ताओं एवं विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना तथा उन्हें प्रतियोगी परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए उचित शैक्षणिक वातावरण प्रदान करना है।
कार्यक्रम के दौरान बार एसोसिएशन, बीकानेर के अध्यक्ष एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित ने कहा कि बार एसोसिएशन केवल अधिवक्ताओं के हितों से संबंधित कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि विधि विद्यार्थियों एवं युवा अधिवक्ताओं के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से ए.पी.ओ. प्रतियोगी परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क कोचिंग कक्षाएं प्रारंभ की गई हैं।
उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर में अनुभवी अधिवक्ताओं के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन से अभ्यर्थियों को न केवल परीक्षा के पाठ्यक्रम एवं महत्वपूर्ण विधिक विषयों की जानकारी मिलेगी, बल्कि न्यायालयीन कार्यप्रणाली एवं व्यावहारिक विधि ज्ञान का भी लाभ प्राप्त होगा।
कार्यक्रम प्रभारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री धनराज सोनी के निर्देशन में आयोजित इन कक्षाओं में वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा ए.पी.ओ. परीक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। कक्षाएं 10 अगस्त से 31 अगस्त, 2026 तक प्रतिदिन सायं 4ः00 बजे से 7ः00 बजे तक बार एसोसिएशन, बीकानेर की लाइब्रेरी में आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के सचिव हेमन्त सिंह चौहान, उपाध्यक्ष एडवोकेट मनीष गौड़, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री धनराज सोनी, ज्ञान विधि महाविद्यालय के डॉ. राकेश बिश्नोई, मोहम्मद इकबाल, एडवोकेट पवन कुमार व्यास, रामनिवास एवं ताराचंद सहित अन्य अधिवक्ता एवं ए.पी.ओ. परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
बार एसोसिएशन, बीकानेर की इस पहल का उद्देश्य बीकानेर के विधि विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बिना किसी आर्थिक भार के गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना है। बार एसोसिएशन ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।








