बीकानेर, 4 जून 2026। आगामी परीक्षाओं एवं 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, बीकानेर के शारीरिक शिक्षा, खेल एवं योग विभाग में दिनांक 2 जून से 10 जून 2026 तक योग एवं ध्यान सत्रों का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन विभाग के प्रभारी अधिकारी डॉ. एस. एल. प्रजापत के निर्देशन में किया जा रहा है। इस अवसर पर महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर की अतिथि संकाय प्रियंका तथा M.Sc. योग के विद्यार्थी अजय धवल विद्यार्थियों को योग एवं ध्यान का प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।
सत्रों के दौरान विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से मुक्ति, मानसिक एकाग्रता, शारीरिक स्वास्थ्य तथा सकारात्मक जीवनशैली के लिए योग एवं ध्यान के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। साथ ही 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के बीच योग जागरूकता बढ़ाने हेतु योग प्रश्नोत्तरी (क्विज़ प्रतियोगिता) का भी आयोजन किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की विभिन्न शाखाओं — इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, मैकेनिकल, केमिकल एवं रिन्यूएबल एनर्जी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेंगे।
प्रभारी अधिकारी डॉ. एस. एल. प्रजापत ने बताया कि यह योग एवं ध्यान जागरूकता कार्यक्रम 10 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास विद्यार्थियों की एकाग्रता, स्मरण शक्ति एवं मानसिक संतुलन को सुदृढ़ बनाता है, जिससे परीक्षा की बेहतर तैयारी में सहायता मिलती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।















