51 कन्याओं का पूजन कर उतारी महाआरती, 35 प्रतिभावान बालिकाओ को किया सम्मानित
अग्रवाल चेतना समिति (अग्रवाल भवन) में दो चरणों में आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम
बीकानेर। भारत विकास परिषद, मीरा शाखा द्वारा व्यास कॉलोनी स्थित अग्रवाल चेतना समिति (अग्रवाल भवन), में 12 अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे से भक्तिभाव और हर्षोल्लास के साथ कन्या पूजन‘ एवं बालिका गौरव सम्मान समारोह‘ का भव्य आयोजन किया गया। शाखा संरक्षिका ऋतु मित्तल जी ने बताया कि कार्यक्रम दो चरणों में संपन्न किया गया ।
प्रथम चरण: भक्तिभाव से हुआ नवदुर्गा व कन्या पूजन
कार्यक्रम के प्रथम चरण का शुभारंभ दुर्गा माता स्रोत की मधुर ध्वनि और पुष्प वर्षा के साथ हुआ। समारोह में 51 कन्याएँ पधारीं, जिनमें से 9 कन्याएँ नवदुर्गा के साक्षात स्वरूप में सज-धज कर आईं। मीरा शाखा की सदस्याओं ने भक्तिभाव से कन्याओं के चरण पखारे, हाथों में मेहंदी लगाई, तिलक कर लाल चुनरी ओढ़ाई और माँ दुर्गा का साक्षात स्वरूप मानते हुए सभी नौ देवियों की भावपूर्ण आरती उतारी। पूजन के उपरांत सभी कन्याओं एवं उनके साथ आई बालिकाओं को विशेष उपहार, हलवा व माता रानी का पावन प्रसाद वितरित किया गया।
दूसरा चरण: राष्ट्रगान व ‘कन्या गौरव सम्मान समारोह’
कन्या पूजन के भव्य समापन के बाद द्वितीय चरण की शुरुआत अतिथियों के मंचासीन होने, दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वाति पारिक द्वारा सुमधुर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुई।
- अध्यक्षीय उद्बोधन: कार्यक्रम के प्रारंभ में शाखा अध्यक्ष श्रीमती हेमा सिंह दाधीच ने अपना स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। उन्होंने बेटियों की राष्ट्रीय स्तर तक की उत्कृष्ट उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी बेटियाँ शिक्षा, खेलकूद, कला एवं सामाजिक जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर देश का नाम रोशन कर रही हैं।
*शाखा की संरक्षिका श्रीमती ऋतु मित्तल ने उपस्थित बालिकाओं को उनकी उपलब्धियों पर गौरान्वित एवं आशीर्वचन और उनके अभिभावकों को भारत विकास परिषद के उद्देश्यों, सेवा एवं संस्कार से जुड़े प्रकल्पों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
क्षेत्रीय समन्वयक श्रीमती शशि चुग ने पधारी हुई कन्याओं का पूजन कर उन्हें अपना मंगलमयी आशीर्वचन दिया। उन्होंने कहा कि बालिकाएँ हमारे समाज की मुख्य आधारशिला हैं और उनका सही मार्गदर्शन व संवर्धन ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है। उन्होंने बालिकाओं को संस्कारवान बनकर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. दीप्ति वाहल ने मीरा शाखा के ‘कन्या गौरव सम्मान’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में नारी सम्मान को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने बालिकाओं का आत्मविश्वास बढ़ाते हुए उन्हें हर क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश और आशीर्वाद दिया।
प्रांतीय महिला सहभागिता संयोजक श्रीमती छवि गुप्ता ने बालिकाओं को संगठन के सेवा व संस्कार प्रकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
सम्मान समारोह की मुख्य कड़ी में महिला सहभागिता गतिविधि संयोजक डॉ. श्रीमती आशु मलिक ने मंच से एक-एक करके उन 35 प्रतिभावान बालिकाओं का परिचय दिया और उनकी राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद, कला व अन्य क्षेत्रों की उत्कृष्ट उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
क्षेत्र वार सम्मानित बालिकाओं का विवरण:
खेलकूद एवं साहसिक गतिविधियाँ: 17 बालिकाएँ (तीरंदाजी, फुटबॉल, शूटिंग, ताइक्वांडो, बास्केटबॉल आदि में राष्ट्रीय-राज्य स्तर पर विजेता)
कला एवं नृत्य: 6 बालिकाएँ (कथक, शास्त्रीय नृत्य, कोरियोग्राफी एवं गीता श्लोक वाचन)
शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं शोध: 4 बालिकाएँ (NEET-PG, CA, NET/JRF एवं स्कूली शिक्षा में उत्कृष्ट)
NCC, परेड एवं नेतृत्व: 2 बालिकाएँ (परेड कमांडर व श्रेष्ठ NCC कैडेट)
रचनात्मकता एवं उद्यमिता: 3 बालिकाएँ (रेज़िन आर्ट, मॉडलिंग, अभिनय एवं अबेकस)
बैंकिंग एवं सामाजिक सेवा: 1 बालिका (डिप्टी मैनेजर व सामाजिक योगदान)
उभरती हुई प्रतिभाएँ: 2 बालिकाएँ
यह आयोजन बीकानेर की बेटियों के अदम्य साहस, बहुमुखी प्रतिभा और उज्ज्वल भविष्य का एक प्रेरणादायक संगम रहा।
इस भव्य समारोह में 149
अतिथि, 40 अभिभावक 51 कन्याएँ,35 बालिकाएं एवं 23 परिषद के सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने बालिकाओं की इस गौरवशाली उपलब्धि की सराहना की।
तत्पश्चात शाखा की पदाधिकारियों व सदस्याओं ने इन सभी 35 बालिकाओं का साफा पहनाकर, मोमेंटो, सम्मान प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) और आकर्षक उपहार भेंट कर अभिनंदन किया। समारोह में बालिकाओं के साथ आए अभिभावकों का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया एवं सभी के लिए जलपान की विशेष व्यवस्था रही।
मंच संचालन एवं आभार
कार्यक्रम का कुशल एवं सुंदर मंच संचालन शाखा सचिव श्रीमती सुमन यादव द्वारा किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ। इस अवसर पर मीरा शाखा की प्रांतीय व शाखा पदाधिकारीगण, समर्पित मातृशक्ति, गणमान्य नागरिक, प्रतिभावान बालिकाएँ एवं उनके माता-पिता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।शाखा की सदस्याएँ कोषाध्यक्ष श्रीमती सीमा शर्मा श्रीमती रेणु जोशी,श्रीमती रेणु कच्छावा, डॉ. स्वाति फलौदिया,
श्रीमती अलका डॉली पाठक, श्रीमती कल्पना खंडेलवाल, श्रीमती मंजू मित्तल,श्रीमती शोभा अग्रवाल, श्रीमती उमावडेरा,श्रीमती रजनी कालरा,श्रीमती कविता कटारिया,श्रीमती विजयश्री गुप्ता,
श्रीमती वीणा जोशी,श्रीमती रतन गुप्ता,श्रीमती ममता कामरा,
श्रीमती रूपसा बोथरा व अन्यकार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाए दी|
कार्यक्रम की समाप्ति राष्ट्रीय गान से हुई ।








