बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के तत्वावधान में इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर द्वारा नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए “प्रारम्भ-द्वितीय स्पोर्ट्स वीक” का आयोजन 29, 30 एवं 31 अगस्त को किया जाएगा। आयोजन में इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर (ECB) के साथ इस वर्ष UCET के नवप्रवेशित विद्यार्थी भी भाग लेंगे।
कॉलेज द्वारा गत वर्ष भी नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए “प्रारम्भ” स्पोर्ट्स कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता एवं सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए इस वर्ष इसे और व्यापक रूप प्रदान करते हुए “प्रारम्भ-द्वितीय” का आयोजन किया जा रहा है।
खेल विभाग द्वारा आयोजित इस स्पोर्ट्स वीक में क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, शतरंज, टेबल टेनिस, कैरम एवं टग ऑफ वार सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। इसके साथ ही एथलेटिक्स में 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो तथा जेवलिन थ्रो जैसी प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की जाएंगी।
विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ना, उनमें टीम भावना, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना तथा दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स वीक के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा और महाविद्यालय में खेल संस्कृति को और मजबूत किया जाएगा।






